You are currently viewing नांदेड़ साहिब गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से जानलेवा हमला, हाथ में आई चोट, सुरक्षाकर्मी भी घायल; परिवार के साथ पहुंचे थे माथा टेकने

नांदेड़ साहिब गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से जानलेवा हमला, हाथ में आई चोट, सुरक्षाकर्मी भी घायल; परिवार के साथ पहुंचे थे माथा टेकने

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, बादल परिवार के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान एक निहंग ने कथित तौर पर कृपाण से उन पर हमला कर दिया। घटना में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट आई है। उनके साथ मौजूद एक सुरक्षाकर्मी पर भी हमले की जानकारी सामने आई है।

बहसबाजी के दौरान हुआ हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा परिसर में किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई, जिसके बाद निहंग ने कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद सुखबीर सिंह बादल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी चोट को लेकर विस्तृत मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है।

सुरक्षाकर्मी ने भी किया बचाव का प्रयास

हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी ने उन्हें बचाने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार हमलावर ने सुरक्षाकर्मी को भी निशाना बनाया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए बादल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और बाद में अस्पताल ले जाया गया।

नांदेड़ पुलिस ने दी घटना की जानकारी

नांदेड़ पुलिस के अनुसार, गुरुद्वारा परिसर के अंदर पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग ने हमला किया। पुलिस ने बताया कि हाथ में चोट लगने के बाद बादल को अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Sukhbir Singh Badal attacked with a *kirpan* at Nanded Gurudwara; he sustained an injury to his hand