चंडीगढ़: पंजाब में चुनाव आयोग ने आगामी चुनावी तैयारियों को पुख्ता करते हुए मतदाता सूचियों के सुधार का काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का दूसरा राउंड शुरू हो गया है, जिसके तहत चुनाव आयोग ने राज्य की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। अब पंजाब के मतदाता आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि उनका नाम नई सूची में सुरक्षित है या फिर किन्हीं कारणों से उसे काट दिया गया है।
वेबसाइट पर दो अलग-अलग रंगों में जारी हुई सूची
मतदाताओं की सुविधा के लिए यह पूरी लिस्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। आयोग ने पारदर्शिता के लिए सूची को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है। वेबसाइट पर हरे रंग के ‘DRAFT ROLL 2026’ लिंक में उन सभी वोटर्स के नाम शामिल हैं, जिनके रिकॉर्ड बिल्कुल सही पाए गए हैं। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, उनकी विस्तृत जानकारी नीले रंग की ‘SIR ASDD LIST’ में दी गई है। दोपहर बाद निर्वाचन अधिकारियों द्वारा इन सूचियों की छपी हुई प्रतियां राजनीतिक दलों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को भी सौंप दी जाएंगी।
घर बैठे आसानी से चेक करें अपना वोटर नंबर
अपना नाम चेक करने के लिए मतदाताओं को सीईओ पंजाब की वेबसाइट के होम पेज पर जाना होगा, जहां तीन मुख्य लिंक (ASDD, DRAFT 2026 और SEARCH LIST SIR 2003) दिए गए हैं। सही सूची में अपना नाम देखने के लिए ‘DRAFT 2026’ पर क्लिक करें। इसके बाद अपना जिला, विधानसभा क्षेत्र चुनकर कैप्चा कोड भरें। ऐसा करते ही आप पार्ट नंबर के हिसाब से पूरी पीडीएफ डाउनलोड करके अपना नाम देख सकते हैं। वहीं, अगर आप सिर्फ यह जांचना चाहते हैं कि कहीं आपका वोट कट तो नहीं गया है, तो ‘ASDD’ लिंक में अपना वोटर कार्ड (EPIC) नंबर डालकर स्थिति साफ की जा सकती है। वोट कटने पर आपका नाम स्क्रीन पर आ जाएगा, अन्यथा ‘अनआइडेंटिफाई’ लिखा दिखाई देगा।
लिस्ट में नाम न होने पर 12 सितंबर तक का मौका
अगर नई जारी हुई ड्राफ्ट लिस्ट में आपका नाम नहीं है या फिर उसे कटे हुए नामों की सूची में डाल दिया गया है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे मतदाता अपना नाम वापस जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर दावा पेश कर सकते हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से पूरी की जा सकती है। ऑफलाइन फॉर्म जमा करने के लिए आप अपने नजदीकी बीएलओ (BLO), एसडीएम (SDM) या तहसीलदार कार्यालय से फॉर्म-6 प्राप्त कर सकते हैं। इसमें अपनी पूरी जानकारी और जरूरी दस्तावेज लगाकर बीएलओ को सौंपना होगा। चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की आखिरी तारीख 12 सितंबर तय की है।
16 अगस्त को बूथ स्तर पर लगाए जाएंगे विशेष कैंप
कामकाजी लोगों और दफ्तर तक न पहुंच पाने वाले मतदाताओं के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किया है। आगामी 16 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल के विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में जाकर कोई भी व्यक्ति ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकेगा। अगर सूची में नाम नहीं मिलता है, तो मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत अपना फॉर्म-6 भरकर जमा किया जा सकेगा। 12 सितंबर तक मिले सभी दावों और आपत्तियों की गहन जांच के बाद ही चुनाव आयोग अंतिम और फाइनल मतदाता सूची प्रकाशित करेगा।


The Punjab Election Commission has released a new draft voter list; the ‘blue list’




