जालंधर: पंजाब के युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर ठगी और अपहरण का एक बेहद खौफनाक अंतरराष्ट्रीय मामला सामने आया है। बेहतर भविष्य की तलाश में इटली जाने के लिए निकले पंजाब के तीन युवकों को धोखे से युगांडा भेज दिया गया, जहां एक पाकिस्तानी गिरोह ने उन्हें अगवा कर बंधक बना लिया है। अपहरणकर्ताओं के चंगुल में फंसे इन युवकों की पहचान राकेश कुमार, सुरेंद्र और अवतार के रूप में हुई है। दरिंदे इन युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं और उन्हें छोड़ने के एवज में परिजनों से 70 हजार डॉलर की भारी-भरकम फिरौती मांगी गई है। इस खौफनाक घटना के बाद से पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इटली में बैठे एजेंट ने रची साजिश, दुबई होते हुए भेजा युगांडा
इस पूरे खौफनाक खेल के पीछे पंजाब के ही एक एजेंट का हाथ बताया जा रहा है, जो फिलहाल इटली में रहता है। जालंधर के पास के एक गांव के रहने वाले पीड़ित राकेश के पिता कश्मीर लाल ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को लिखित शिकायत देकर अपने बेटे को बचाने की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, एजेंट के साथ साढ़े नौ लाख रुपये में इटली भेजने का सौदा तय हुआ था और उसने सारी रकम एडवांस ले ली थी। 4 अगस्त को युवक घर से निकले थे। एजेंट ने साजिश के तहत उन्हें पहले दुबई और फिर कीनिया भेजा। इसके बाद उन्हें युगांडा ले जाकर अंतरराष्ट्रीय अपहरणकर्ता गिरोह के हवाले कर दिया गया।
नौजवानों की सुरक्षित वापसी के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क
पीड़ित परिवारों की शिकायत मिलने के बाद सांसद सतनाम सिंह संधू ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय गिरोहों की एक सोची-समझी साजिश है, जो पंजाब के भोले-भाले युवाओं को अपना शिकार बना रहे हैं। सांसद ने आश्वासन दिया है कि वह इन नौजवानों को सुरक्षित वापस पंजाब लाने के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय और पंजाब के डीजीपी से लगातार संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत इस बात की जांच करनी चाहिए कि आखिर पंजाब में बैठे लोग कैसे इन विदेशी माफियाओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।


3 youths from Punjab held hostage by a Pakistani gang; $70,000 ransom demanded.




