You are currently viewing पंजाब पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, फायरिंग में वांटेड आरोपी अजय घायल; विदेशी पिस्तौल बरामद

पंजाब पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, फायरिंग में वांटेड आरोपी अजय घायल; विदेशी पिस्तौल बरामद

तरनतारन: तरनतारन जिले में पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है। सरहाली कलां इलाके में नाकाबंदी के दौरान हुई इस क्रॉस फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से एक वांटेड आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि मौके से हथियार और वाहन भी बरामद किए गए हैं।

रोकने का इशारा किया तो पुलिस पर शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुल सूआ सरहाली कलां के पास विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी बीच पुलिस ने मोटरसाइकिल पर आते हुए एक संदिग्ध युवक को देखा और उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने रुकने के बजाय सीधा पुलिस टीम पर अपनी पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में लगीं दो गोलियां, विदेशी पिस्तौल बरामद
आरोपी के हमले के बाद पुलिस टीम ने भी अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी को दो गोलियां लग गईं और वह घायल होकर नीचे गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान भूपिंदर सिंह के बेटे इंदर उर्फ अजय के रूप में हुई है। मौके पर ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से एक PX-5 पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

कई वारदातों को दे चुका है अंजाम, पहले से दर्ज हैं चार मामले
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी इंदर उर्फ अजय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फायरिंग की कई अन्य वारदातों में भी मुख्य रूप से शामिल रहा है। इस पूरी घटना को लेकर सरहाली थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी के नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।

Encounter between Punjab Police and a criminal; wanted accused Ajay injured in the firing