You are currently viewing पंजाब को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, जालंधर-नवांशहर में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़; हैंड ग्रेनेड के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पंजाब को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, जालंधर-नवांशहर में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़; हैंड ग्रेनेड के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जालंधर: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने राज्य में एक बड़े आतंकी हमले के नापाक इरादों पर पानी फेर दिया है। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर (नवांशहर) पुलिस ने एक संयुक्त और खुफिया ऑपरेशन चलाते हुए एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मॉड्यूल के मुख्य सरगना को धर दबोचा है, जिसके कब्जे से एक बेहद घातक 86-P हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।

विदेश में बैठे आकाओं का मोहरा बना आरोपी, आदमपुर से उठाया था ग्रेनेड
प्राथमिक जांच में जो सच सामने आया है, वह बेहद चौंकाने वाला है। पकड़ा गया आरोपी सीधे तौर पर विदेश में बैठे अपने देशविरोधी आकाओं के संपर्क में था और उनके इशारों पर पंजाब को एक बार फिर दहशत में धकेलने की ताक में था। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि विदेशी हैंडलर्स के कहने पर ही आरोपी ने जालंधर के आदमपुर के पास एक सुनसान (डेड ड्रॉप) लोकेशन से यह हैंड ग्रेनेड हासिल किया था।

बीएनएस और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
पुलिस ने नवांशहर के थाना सदर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (Explosive Substances Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि उससे कड़ाई से पूछताछ की जा सके और इस बड़ी साजिश के हर पहलू का पर्दाफाश हो सके।

नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी टीमें
पुलिस की अलग-अलग टीमें अब इस मॉड्यूल से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में रात-दिन एक कर रही हैं। जांच का मुख्य मकसद उन स्थानीय मददगारों और फंडिंग करने वालों की पहचान करना है, जो इस आतंकी नेटवर्क को पनाह दे रहे थे। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस ग्रेनेड का इस्तेमाल किस भीड़भाड़ वाले इलाके या वीआईपी टारगेट पर करने का प्लान था।

डीजीपी की चेतावनी: पंजाब का माहौल बिगाड़ने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति
पंजाब पुलिस के डीजीपी ने इस बड़ी सफलता की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमा पार से पनपने वाली हर साजिश और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Major plot to rock Punjab foiled; terror module busted in Jalandhar-Nawanshahr