एडमंटन: कनाडा से एक बार फिर पंजाबियों के लिए बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एडमंटन शहर में पंजाबी मूल के एक शराब कारोबारी की उनके ही स्टोर के अंदर दिनदहाड़े गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। यह खौफनाक वारदात महज चंद शराब की बोतलों की चोरी रोकने पर अंजाम दी गई। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके और वहां रह रहे भारतीय समुदाय में भारी दहशत पैदा कर दी है।
दरवाजा बंद कर चोर को रोका, तो बौखलाहट में चला दी गोली
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात शहर के सेंट्रल इलाके में 112 एवेन्यू और 82 स्ट्रीट के पास स्थित ‘कनेक्ट लिकर स्टोर’ में हुई। मृतक कारोबारी की पहचान 48 वर्षीय सुखजीत रंधावा उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। 6 अगस्त की दोपहर करीब 1 बजे एक 22 वर्षीय युवक उनके स्टोर में दाखिल हुआ। उसने वहां से कुछ शराब की बोतलें उठाईं और बिना पेमेंट किए वहां से भागने की कोशिश करने लगा। जब सुखजीत रंधावा ने उसे चोरी करने से रोकने की कोशिश की और स्टोर का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, तो बौखलाए बदमाश ने अपनी बंदूक निकाली और सीधे उनकी छाती पर गोली दाग दी।
22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच
6 अगस्त को हुई इस दर्दनाक हत्या की जानकारी अब मीडिया में सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया गया 22 वर्षीय आरोपी एक कनाडाई नागरिक है। फिलहाल, एडमंटन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरी घटना की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है। सुखजीत रंधावा की अचानक हुई इस मौत से उनके परिवार और करीबियों में मातम पसरा हुआ है।


Punjabi businessman murdered in broad daylight in Canada; shot in the chest after stopping someone




