You are currently viewing जालंधर में खड़े कैंटर से टकराई 140 की स्पीड से आ रही कार, 3 युवकों की मौके पर मौत

जालंधर में खड़े कैंटर से टकराई 140 की स्पीड से आ रही कार, 3 युवकों की मौके पर मौत

2 शव अंदर फंसे और एक सड़क पर गिरा, एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बच सकी जान

जालंधर: रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। शनिवार की सुबह जालंधर में एक ऐसा खौफनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने भी देखा उसकी रूह कांप गई। एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार हाइवे पर खड़े एक कैंटर से इतनी भयानक तरीके से टकराई कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की छत तक टूटकर अलग हो गई और नंबर प्लेट छिटक कर दूर जा गिरी।

naidunia_image

140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार बनी काल
यह दिल दहला देने वाला हादसा मकसूदां क्षेत्र में बल अस्पताल और भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, जालंधर से अमृतसर की तरफ जा रही स्विफ्ट कार की रफ्तार लगभग 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान, हाईवे पर पहले से ही एक कैंटर खड़ा था। ओवरस्पीड होने के कारण कार चालक गाड़ी पर से अपना नियंत्रण पूरी तरह खो बैठा और कार सीधे कैंटर के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एयरबैग खुलने के बावजूद किसी की जान नहीं बच सकी। दो युवकों की लाशें कार की अगली सीट पर बुरी तरह फंसी मिलीं, जबकि पिछली सीट पर बैठा एक युवक जोरदार झटके से उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा।

सड़क पर वाहन खड़ा कर फरार हो गया लापरवाह ड्राइवर
इस पूरे हादसे के पीछे कैंटर चालक की एक बड़ी और जानलेवा लापरवाही भी सामने आई है। मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि ऐसा अंदेशा है कि कैंटर चालक या तो रास्ता भटक गया था या फिर नशे की हालत में अपने भारी वाहन को बीच सड़क पर ही खड़ा करके वहां से चला गया था। इस खौफनाक हादसे के बाद से ही आरोपी टैंकर ड्राइवर मौके से फरार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद कार में बुरी तरह फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा।

नंबर प्लेट के जरिए परिजनों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी पुलिस
फिलहाल हादसे का शिकार हुए तीनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर शुरुआती पड़ताल की है, जिसमें वाहन का कनेक्शन ‘लम्मे पिंड/रंधावा’ क्षेत्र से होने का पता चला है। पुलिस की एक टीम लगातार परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही, हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी बारीकी से खंगाली जा रही है ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे धकेला जा सके।

Car speeding at 140 km/h crashes into a stationary Canter in Jalandhar; 3 youths die on the spot.