You are currently viewing जालंधर में रात के अंधेरे में सिर्फ 90 सेकंड में किया खेला, घर के बाहर से कार सवारों ने उड़ाई महिंद्रा पिकअप, CCTV में कैद हुई लाइव वारदात

जालंधर में रात के अंधेरे में सिर्फ 90 सेकंड में किया खेला, घर के बाहर से कार सवारों ने उड़ाई महिंद्रा पिकअप, CCTV में कैद हुई लाइव वारदात

जालंधर: जालंधर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब लोगों की गाड़ियां घरों के बाहर भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। रामामंडी थाना क्षेत्र के किशनपुरा इलाके से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने महज डेढ़ मिनट (90 सेकंड) के भीतर सड़क किनारे खड़ी एक महिंद्रा पिकअप को चुरा लिया और बड़ी आसानी से फरार हो गए। मोहल्ले के शिव मंदिर के पास हुई इस पूरी दुस्साहसिक वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसने इलाके के लोगों की नींद उड़ा दी है।

दूध सप्लाई करने वाले शख्स की थी गाड़ी

गाड़ी चोरी होने की भनक लगते ही पीड़ित मालिक ने तुरंत पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। किशनपुरा के रहने वाले लक्की ने बताया कि वह दूध सप्लाई का काम करता है। रोजमर्रा की तरह उसने अपनी महिंद्रा पिकअप को सड़क किनारे खड़ा किया था और अपने घर सोने चला गया था। शुक्रवार की सुबह जब वह काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकला, तो पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि गाड़ी अपनी जगह से गायब थी।

सीसीटीवी कैमरे ने खोला चोरी का सारा राज

गाड़ी न मिलने पर घबराए लक्की ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो चोरी का पूरा सच सामने आ गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि गुरुवार देर रात करीब 3 बजकर 10 मिनट पर तीन शातिर युवक एक कार में सवार होकर किशनपुरा पहुंचते हैं। वे बड़ी चालाकी से अपनी कार को गली में मोड़कर पिकअप के ठीक पीछे खड़ा कर देते हैं, ताकि किसी को भनक तक न लगे।

रेकी की, लॉक तोड़ा और हो गए रफूचक्कर

सीसीटीवी वीडियो के अनुसार, कार से एक युवक नीचे उतरता है, जिसने सफेद कपड़े से अपना चेहरा पूरी तरह से ढक रखा था। वह शातिर चोर पहले चारों तरफ और कैमरों की ओर देखता है। इसके बाद वह गाड़ी के पिछले हिस्से (डाले) में जाकर टॉर्च की रोशनी से अंदर का सामान चेक करता है। तसल्ली होने के बाद वह चंद सेकंड में पिकअप के ड्राइवर साइड का लॉक तोड़ता है और गाड़ी स्टार्ट करके वहां से रफूचक्कर हो जाता है। इस दौरान कार में बैठे उसके दो अन्य साथी भी पिकअप के पीछे-पीछे अपनी कार लेकर मौके से भाग निकलते हैं। फिलहाल रामामंडी थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Daring theft in Jalandhar under the cover of darkness: Car-borne thieves made off with a Mahindra pickup