अमृतसर: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले पंजाब में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के इशारे पर भारत की प्रमुख ट्रेनों को निशाना बनाने की रूह कंपा देने वाली तैयारी चल रही थी। अमृतसर के रेलवे ट्रैक पर बाकायदा खुफिया कैमरे लगाकर ट्रेनों की पल-पल की जानकारी सरहद पार भेजी जा रही थी, लेकिन सही समय पर पुलिस की मुस्तैदी ने देश को एक बड़ी तबाही से बचा लिया है। इस मामले में लगातार एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।
वंदे भारत और पश्चिम एक्सप्रेस थीं आतंकियों के निशाने पर
यह पूरा मामला 7 जुलाई को तब सामने आया था, जब अमृतसर के मानांवाला रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध कैमरे लगे पाए गए थे। जांच में अब यह बात सामने आई है कि आतंकियों की इस खौफनाक साजिश के राडार पर देश की शान वंदे भारत, फ्रंटियर और पश्चिम एक्सप्रेस जैसी हाई-प्रोफाइल ट्रेनें थीं। इन कैमरों के जरिए रेलवे ट्रैक की बारीक निगरानी की जा रही थी और ट्रेनों की हर गतिविधियों की लाइव फुटेज सीधे आईएसआई तक पहुंचाई जा रही थी। आतंकियों का मुख्य मकसद 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से पहले ट्रैक पर एक बड़ा और भयानक धमाका करना था।
लुधियाना जेल की सलाखों के पीछे से रची जा रही थी साजिश
पुलिस ने एक्शन लेते हुए जब इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की, तो पूरे आतंकी नेटवर्क के मास्टरमाइंड का चेहरा बेनकाब हो गया। सूत्रों के मुताबिक, इस साजिश का मुख्य सरगना दिलप्रीत सिंह है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि दिलप्रीत इस वक्त लुधियाना जेल में बंद है और वह वहीं से बैठे-बैठे आईएसआई के संपर्क में था। वह जेल के अंदर से ही अपने गुर्गों को निर्देश दे रहा था और खुफिया सूचनाएं पाकिस्तान भेज रहा था।
प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा मास्टरमाइंड, खुलेंगे कई राज
गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के थाना प्रभारी शाम सुंदर शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी दिलप्रीत का प्रोडक्शन वारंट हासिल कर लिया गया है। उसे बहुत जल्द लुधियाना जेल से अमृतसर लाकर गहन पूछताछ की जाएगी। आपको बता दें कि पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान आईएसआई समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए कुल 9 आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से पेट्रोल बम भी बरामद किए हैं। अब जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि मास्टरमाइंड से पूछताछ के बाद इस खौफनाक नेटवर्क की कई और परतें खुलेंगी और अन्य स्लीपर सेल भी बेनकाब होंगे।


ISI’s nefarious designs in Punjab foiled; plot to blow up several VIP trains, including the Vande Bharat




