लुधियाना: स्वतंत्रता दिवस के जश्न की तैयारियों में जुटे पंजाब में उस वक्त दहशत का माहौल पैदा हो गया जब राज्य के शीर्ष नेताओं और अहम सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल सामने आया। लुधियाना जिला अदालत समेत चंडीगढ़ प्रशासन और ई-कोर्ट सिस्टम के सर्वर पर आए इस खौफनाक संदेश ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। इस संदेश में सीधे तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को निशाना बनाने का अल्टीमेटम दिया गया है, जिसके बाद पूरे सूबे में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं।
इस समय पर धमाकों का अलर्ट
सोमवार सुबह भेजे गए इस ईमेल में आतंकियों ने अपने नापाक मंसूबों का पूरा खाका पेश किया है। खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे संगठनों के नाम से भेजे गए इस संदेश में पंजाब में हथियारबंद संघर्ष शुरू करने की बात कही गई है। खौफ पैदा करने के लिए बाकायदा जगहों और समय का जिक्र किया गया है। आतंकियों ने पंजाब विधानसभा को दोपहर 12:11 बजे, लुधियाना जिला अदालत को दोपहर 2:11 बजे और राज्यपाल कटारिया को रात 9:11 बजे निशाना बनाने की खुलेआम धमकी दी है।
‘झाड़ू’ के मंत्रियों को दी खुली चेतावनी
धमकी भरे इस ईमेल में राज्य की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ भी जमकर जहर उगला गया है। बेअदबी और संविधान का हवाला देते हुए आतंकियों ने ‘झाड़ू’ शब्द का इस्तेमाल कर मंत्रियों को सीधे निशाने पर लिया है। पत्र में बेहद आक्रामक भाषा का प्रयोग करते हुए खुली चेतावनी दी गई है कि सरकार के हर एक मंत्री को चुन-चुन कर एक-एक करके ठोक दिया जाएगा। इस सीधे खतरे ने वीआईपी सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं।
फिरोजपुर में सबसे बड़े धमाके का खौफ
आतंकियों का मकसद सिर्फ राजनेताओं को ही नहीं, बल्कि आम जनता के दिलों में भी डर पैदा करना है। पत्र में अभिभावकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होने वाले किसी भी सरकारी कार्यक्रम या स्कूलों में अपने बच्चों को हरगिज न भेजें। इसके साथ ही यह दावा भी किया गया है कि 15 अगस्त के दिन पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में धमाके होंगे, लेकिन सबसे बड़ा और खौफनाक धमाका फिरोजपुर जिले में अंजाम दिया जाएगा।
इन आतंकी चेहरों ने ली पूरी जिम्मेदारी
पंजाब का माहौल खराब करने की इस साजिश की जिम्मेदारी लेने वालों के नाम भी ईमेल के अंत में स्पष्ट रूप से लिखे गए हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से इंजीनियर गुरनख सिंह (रुकन शाहवाला) और डॉ. गुरनिर्वैर सिंह (खान राजादा) का नाम सामने आया है। वहीं, बब्बर खालसा (परमार-कनाडा गुट) की ओर से प्रो. गुरअकाल सिंह पीएचडी (खेमकरण) और प्रो. गुरंगार सिंह (जंडियाला गुरु) ने इस धमकी की जिम्मेदारी ली है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से इस ईमेल आईडी के आईपी एड्रेस और इसके पीछे छिपे असली चेहरों की तलाश में जुट गई है।


Threat to blow up CM Mann and the Governor; security agencies on high alert




