कैलगिरी: विदेशों में जाकर कुछ युवाओं की लापरवाही और स्टंटबाजी अक्सर पूरे समुदाय के लिए परेशानी का सबब बन जाती है। कड़े नियमों और शांति के लिए पहचाने जाने वाले देश कनाडा से एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पंजाबी युवक ने ट्रैफिक से भरी सड़क पर अपनी स्पोर्ट्स कार को ऐसी बेलगाम रफ्तार से दौड़ाया कि देखने वालों की सांसें अटक गईं। अब इस खौफनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देखकर स्थानीय लोग बेहद गुस्से में हैं।
280 की रफ्तार और धुएं का गुबार
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना कनाडा के कैलगिरी शहर की है। जस सिंह नाम के एक पंजाबी युवक ने अपनी कार्वेट कार को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की बेतहाशा स्पीड से भगाया। इतना ही नहीं, युवक ने अपनी इस लापरवाही का बकायदा वीडियो भी बनवाया, जिसमें कार का स्पीडोमीटर इस खतरनाक रफ्तार की गवाही दे रहा है। इसके अलावा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह सड़क पर कार के टायरों से धुआं उड़ाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहा है।
वीडियो वायरल होने पर भड़के कनाडाई नागरिक
इस युवक ने खुद 2 अगस्त को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (jas_singh_25) पर यह वीडियो अपलोड किया था। इसके साथ ही उसने अपनी कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिनमें वह स्वर्ण मंदिर में माथा टेकते हुए नजर आ रहा है। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, कनाडा के स्थानीय लोग बुरी तरह भड़क उठे। लोगों ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस वीडियो को शेयर करते हुए युवक को तुरंत कनाडा से डिपोर्ट करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी युवक जस सिंह पंजाब में मूल रूप से कहां का रहने वाला है।
लाइसेंस रद्द होने से लेकर जेल तक का है नियम
सोशल मीडिया पर लोगों के भारी विरोध और गुस्से के बावजूद, फिलहाल इस मामले में कनाडा पुलिस की तरफ से अभी तक किसी भी कड़े एक्शन की खबर नहीं है। गौरतलब है कि कनाडा में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना एक बहुत गंभीर अपराध माना जाता है। इस तरह की खतरनाक और रैश ड्राइविंग करने पर वहां सीधे ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने के साथ-साथ मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल की सजा का भी कड़ा प्रावधान है। उम्मीद जताई जा रही है कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जल्द ही इस पर संज्ञान लेगी।


The video of Punjabi youth’s scary driving in Canada went viral, angry people said – Deport him




