जालंधर: शहर के संतोखपुरा इलाके में पिछले दिनों सरेआम हथियारों के बल पर हुड़दंग मचाकर आम जनता में खौफ पैदा करने वाले बदमाशों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने गुंडागर्दी और मारपीट की इस गंभीर वारदात को सुलझाते हुए मुख्य आरोपियों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया खतरनाक दातर (खंडा) और बिना नंबर प्लेट वाली एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया है।
दीवार से कूदकर भागने के चक्कर में मुख्य आरोपी ने तुड़वाया पैर
पुलिस की इस धरपकड़ के दौरान सबसे नाटकीय घटनाक्रम तब सामने आया, जब पुलिस टीम ने मामले के मुख्य आरोपी आकाश शर्मा उर्फ नेपाली को दबोचने के लिए उसके ठिकाने पर अचानक दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही आकाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश की और एक ऊंची दीवार से छलांग लगा दी। हालांकि, भागने की यह कोशिश उस पर भारी पड़ गई और दीवार से कूदने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से इलाज के बाद डिस्चार्ज होते ही उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। सख्ती से हुई पूछताछ के बाद आकाश की ही निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दातर बरामद किया।
रिमांड पर आरोपी अजय, दो बाल सुधार गृह भेजे गए
थाना डिवीजन नंबर 8 में दर्ज एफआईआर संख्या 176 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी अजय और उसके दो नाबालिग साथियों को पहले ही काबू कर लिया था। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें लुधियाना स्थित ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है। वहीं, अदालत ने आरोपी अजय को पुलिस रिमांड पर भेजा है, ताकि उससे गुंडागर्दी के इस नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा सके।
निशानदेही पर पांचवां आरोपी ‘भथुरा’ भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस की यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, बल्कि मुख्य आरोपी आकाश शर्मा उर्फ नेपाली से पूछताछ के दौरान मिली सटीक जानकारी और निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने एक अन्य नामजद आरोपी पावनदीप सिंह उर्फ भथुरा को भी गिरफ्तार कर लिया है। थ्री स्टार कॉलोनी का रहने वाला पावनदीप भी संतोखपुरा में हुई इस हुड़दंगबाजी और मारपीट में सक्रिय रूप से शामिल था। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति भंग करने और गुंडागर्दी करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


Police shatter the arrogance of miscreants who spread terror in Jalandhar; 5 arrested, including 2 minors








