जालंधर: अश्लील फोटो और वीडियो को लेकर हुए भारी विवाद के बाद निहंग विक्की थॉमस ने देर रात बुड्ढा दल के पास पहुंचकर संगत और सिंहों से हाथ जोड़कर माफी मांग ली है। विक्की थॉमस ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से कई सिंहों का दिल दुखा है और वह इसके लिए संगत से दिल से क्षमा मांगते हैं। उन्होंने जत्थेदारों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में यदि उनके पास कोई भी विवादित सामग्री आती है, तो वह उसे सीधे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बजाय पहले अपने सिंहों के सामने रखेंगे और ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।
जसदीप सिंह को दोबारा बाणा पहनने की अनुमति नहीं
मौके पर मौजूद बुड्ढा दल के निहंग मान सिंह ने बताया कि जब जसदीप सिंह से जुड़ा विवादित वीडियो सार्वजनिक किया गया था, तब संगत की ओर से यह मांग उठी थी कि विक्की थॉमस सामने आकर माफी मांगें। इसी मामले को स्पष्ट करते हुए यह भी बताया गया कि जसदीप सिंह को अभी तक पंथ की ओर से दोबारा बाणा पहनने या दस्तार सजाने की कोई अनुमति नहीं दी गई है। जत्थेदारों ने साफ किया है कि जसदीप सिंह भविष्य में कभी भी पंथ की अगुवाई नहीं करेंगे।
गुस्से में वीडियो पोस्ट करने से हुई पंथ की बदनामी
इस दौरान जत्थेदार महाकाल सिंह और बाबा शमशेर सिंह ने कहा कि इस विवाद से पहले भी कई गलतियां हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जब जसदीप सिंह को सम्मानित करने और उन्हें ‘फरला’ देने की तैयारी चल रही थी, तब विक्की थॉमस को इस बात पर भारी गुस्सा आया कि ऐसे व्यक्ति को सम्मान कैसे दिया जा सकता है। इसी गुस्से में आकर उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दी, जिसकी वजह से पूरे पंथ और कौम की बदनामी हुई।
विक्की थॉमस को सुनाई गई घोड़ों की सेवा और बर्तन साफ करने की सजा
अपनी गलती स्वीकार करने के बाद बाबा जी ने विक्की थॉमस के लिए धार्मिक सजा के तौर पर सेवा सुनाई है। उन्हें आदेश दिया गया है कि जब भी वह तख्त श्री हजूर साहिब जाएं, तो माता साहिब देवा जी के स्थान पर सरबलोह के बर्तनों की सफाई की सेवा करें। इसके साथ ही, जब भी वह पंथ खालसा के किसी जोड़ मेले में शामिल हों, तो वहां घोड़ों को पानी पिलाने और उनकी लीद उठाने की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करें।


Vicky Thomas apologizes to the congregation with folded hands over the obscene video








