You are currently viewing फरीदकोट सेंट्रल जेल में आधी रात को बड़ी छापेमारी, बैरकों से 5 मोबाइल मिलने से हड़कंप; अब जेल स्टाफ पर भी लटकी गिरफ्तारी की तलवार

फरीदकोट सेंट्रल जेल में आधी रात को बड़ी छापेमारी, बैरकों से 5 मोबाइल मिलने से हड़कंप; अब जेल स्टाफ पर भी लटकी गिरफ्तारी की तलवार

फरीदकोट: फरीदकोट की बेहद सुरक्षित मानी जाने वाली केंद्रीय मॉडर्न जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल परिसर में बंद हवालातियों के पास से मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जेल प्रशासन द्वारा बैरकों में चलाए गए अचानक सर्च अभियान के दौरान एक बार फिर 5 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिसके बाद पूरे जेल परिसर में खलबली मच गई। इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए जेल प्रशासन की शिकायत पर 4 हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सर्च अभियान के दौरान इन 4 हवालातियों के पास से मिला सामान

जेल के सहायक अधीक्षक जसवंत सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, जेल अधीक्षक के सख्त निर्देशों के तहत जेल परिसर और बैरकों में समय-समय पर सघन तलाशी अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात को जब विभिन्न बैरकों की अचानक तलाशी ली गई, तो हवालाती रिंकू उर्फ काली (निवासी फाजिल्का), धर्मेंद्र सिंह (निवासी कोटकपूरा), आकाशदीप सिंह (निवासी अमृतसर) और कंवल सिंह (निवासी फाजिल्का) के कब्जे से 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जेल प्रशासन की लिखित शिकायत के आधार पर फरीदकोट के थाना सिटी पुलिस ने तुरंत चारों आरोपियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रोडक्शन वारंट पर होगी पूछताछ, रडार पर जेल के अधिकारी और कर्मचारी

जेल इन्वेस्टिगेशन सेल के इंचार्ज एएसआई गुरपाल सिंह ने इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया कि नामजद किए गए सभी हवालातियों को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा और उनसे सघन पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि हाई-सिक्योरिटी जेल की ऊंची दीवारों के पीछे आखिर इतने मोबाइल फोन किस रास्ते से और किसकी मदद से पहुंचे। जांच अधिकारी ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि इस मामले की जांच के दौरान यदि जेल के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत सामने आती है, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और केस में नामजद कर तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा।

A major midnight raid at Faridkot Central Jail, followed by the discovery of five mobile phones