फरीदकोट: फरीदकोट में शुक्रवार सुबह एक बेहद दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। एक तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों को कई मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे का शिकार हुई दोनों महिलाएं रिश्ते में आपस में देवरानी-जेठानी थीं और रोज की तरह घर के लिए नहर किनारे लगे नलकूप से कैनियों में पीने का पानी भरने जा रही थीं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जहाज ग्राउंड के पास स्विफ्ट कार ने मारी जोरदार टक्कर
मृतकों की पहचान शहीद बलविंदर सिंह नगर की रहने वाली 43 वर्षीय संजना (पत्नी मनदीप कुमार) और 49 वर्षीय पूजा (पत्नी मनोज कुमार) के रूप में हुई है। पुलिस और परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह दोनों महिलाएं कैनियां लेकर एक्टिवा से नहर की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे जहाज ग्राउंड के पास पहुंचीं, तभी सामने से बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट कार ने उनकी एक्टिवा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दोनों महिलाओं और एक्टिवा को काफी दूर तक सड़क पर घसीटती चली गई, जिससे दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, ड्राइवर मौके से फरार
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ दोनों महिलाओं को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार ड्राइवर मौके पर ही अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त एक्टिवा और कार को कब्जे में ले लिया है।

परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग, ड्राइवर की तलाश तेज
मृतक महिलाओं के रिश्तेदार विक्की और स्थानीय पार्षद जतिंदर कुमार ने बताया कि दोनों महिलाएं रोजाना सुबह इसी तरह घर के पीने का पानी भरने जाती थीं। उन्होंने बताया कि कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर के बाद संभलने का कोई मौका नहीं मिला। परिजनों और मोहल्लेवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार कार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


In Punjab, a speeding car dragged an Activa scooter for a considerable distance, resulting in the tragic deaths








