You are currently viewing पठानकोट-जालंधर हाईवे पर बड़ा हादसा, 200 फीट तक स्कूटी-बाइक को घसीटती ले गई बेकाबू बस, 2 लोगों की मौत के बाद भीड़ ने फूंक दी गाड़ी

पठानकोट-जालंधर हाईवे पर बड़ा हादसा, 200 फीट तक स्कूटी-बाइक को घसीटती ले गई बेकाबू बस, 2 लोगों की मौत के बाद भीड़ ने फूंक दी गाड़ी

पठानकोट: पंजाब के पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर बुधवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस अचानक काल बनकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ दौड़ी। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि बस स्कूटी और बाइक सवार को करीब 200 फीट तक सड़क पर घसीटती ले गई। इस रूह कंपा देने वाले एक्सीडेंट में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आंखों के सामने हुई इस दर्दनाक मौत से स्थानीय लोगों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने बिना कुछ सोचे-समझे पूरी बस को आग के हवाले कर दिया।

रुकने के बजाय लोगों को कुचलता चला गया ड्राइवर

यह रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। जालंधर से जम्मू जा रही ‘लक्ष्मी हॉलीडेज’ की बस (एआर2-0बी-0956) संदीपनी गुरुकुल स्कूल कौंतरपुर के पास पहुंची ही थी कि अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शी और रिटायर्ड सूबेदार मेजर प्रह्लाद सिंह के मुताबिक, बेकाबू बस ने सबसे पहले गांव के ही रहने वाले 38 वर्षीय रणजीत सिंह की स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी बस के नीचे ही फंस गई, लेकिन निर्दयी ड्राइवर ने ब्रेक लगाने के बजाय गाड़ी को और तेज भगाने की कोशिश की। इसी कोशिश में उसने आगे खड़े बाइक सवार अरुण कुमार को भी बेरहमी से कुचल दिया।

चीखती रही महिला, 200 फीट तक रगड़ती रही गाड़ियां

ड्राइवर की लापरवाही और खौफ का आलम यह था कि वह बस के नीचे फंसी स्कूटी और बाइक को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इसी आपाधापी में सड़क किनारे अपने छोटे बच्चे के साथ पैदल जा रही नपवाल गांव की एक महिला भी इस मौत के रथ की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि बच्ची की जान बच गई, लेकिन इस भीषण एक्सीडेंट में मल्टीपल इंजरी और सिर पर गहरी चोट लगने के कारण दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

आक्रोशित भीड़ ने किया आग के हवाले, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

हादसे के बाद जैसे ही बस रुकी, लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। खुद को घिरता देख बस का ड्राइवर और कंडक्टर दोनों मौके से फरार हो गए। अपनों की खून से लथपथ लाशें देखकर ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने धू-धू कर पूरी बस को आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी गुरइकबाल सिंह थाना नंगलभूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तनावपूर्ण स्थिति को काबू में किया। एसपी ने स्पष्ट किया है कि यह हादसा ड्राइवर की भारी लापरवाही और अंधाधुंध रफ्तार का नतीजा है। फिलहाल फरार ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और उसके साथ-साथ बस मालिक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Major accident on the Pathankot-Jalandhar highway: an out-of-control bus dragged