चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने प्रॉपर्टी और जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी कागजी कार्रवाई को लेकर आम जनता को बड़ी राहत दी है। अब तक रजिस्ट्री के दस्तावेजों में इस्तेमाल होने वाले 35 पुराने और बेहद जटिल उर्दू-फारसी शब्दों को हटा दिया गया है। इनकी जगह रोजमर्रा की बोलचाल में इस्तेमाल होने वाले आसान पंजाबी शब्दों को शामिल किया गया है। सरकार के इस कदम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को जमीन के कागजात समझने में आने वाली परेशानी और उलझन को पूरी तरह से खत्म करना है।
सीएम मान के निर्देश पर बनी थी विशेष कमेटी
पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने इस अहम फैसले की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्पष्ट दिशा-निर्देशों पर इस नागरिक हितैषी पहल की शुरुआत की गई है। पुरानी और जटिल शब्दावली अक्सर आम नागरिकों को उलझन में डाल देती थी। इसी समस्या को देखते हुए राजस्व विभाग ने एक विशेष कमेटी का गठन कर इन शब्दों के आसान विकल्प तैयार करवाए हैं। सरकार की कोशिश है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी ही जमीन या संपत्ति के कानूनी कागजात समझने के लिए दूसरों का मुंह न ताकना पड़े।
इन पुराने शब्दों की हुई छुट्टी, अब पढ़े जाएंगे ये आसान नाम
नए बदलावों के तहत अब दस्तावेजों में जटिल शब्दों का इस्तेमाल नहीं होगा। अब ‘अराजी’ की जगह ‘जमीन’, ‘साकिन’ की जगह ‘वसनीक’ (निवासी), ‘हिबा’ की जगह ‘तरमीम’ और ‘दखल खारिज’ की जगह ‘इंतकाल’ शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा। इसी तरह ‘फौत’ को ‘मौत’, ‘फर्द’ को ‘नकल जमाबंदी’, ‘बैनामा’ को ‘बिक्री नामा’, और ‘मुश्तरका’ को ‘सांझा’ लिखा जाएगा। इसके अलावा ‘रद्द करना’ या ‘खारिज करना’ की जगह ‘मंसूख करना’, ‘मुंतकी’ की जगह ‘तब्दील’, ‘उजर’ की जगह ‘इतराज’ और ‘हसब जाबा’ की जगह ‘कानून अनुसार’ जैसे एकदम आसान शब्द दस्तावेजों में दर्ज किए जाएंगे।
अधिकारियों को नई शब्दावली तुरंत लागू करने के सख्त निर्देश
राज्य सरकार को पूरी उम्मीद है कि इस सरलीकरण प्रक्रिया से जमीन के रिकॉर्ड और रजिस्ट्री के काम में पहले से कहीं ज्यादा पारदर्शिता आएगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि आईजी रजिस्ट्रेशन और सभी डिप्टी कमिश्नरों को प्राथमिकता के आधार पर इन नए शब्दों को लागू करने के सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे हर हाल में सुनिश्चित करें कि आने वाले दिनों में पंजाब भर के सभी रजिस्ट्रेशन दफ्तरों में यही नई शब्दावली इस्तेमाल हो, ताकि आम जनता बिना किसी भ्रम के आसानी से अपनी प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम पूरा कर सके।


Punjab government resolves a long-standing hassle; land and property buyers stand to gain big.








