सिडनी: पंजाबी इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर, एक्टर, मॉडल और फिटनेस इन्फ्लुएंसर करनदीप को ऑस्ट्रेलिया में दिल का दौरा पड़ने की हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। हमेशा अपनी फिटनेस को लेकर जागरूक रहने वाले 32 वर्षीय करनदीप मौत के मुंह से वापस लौट आए हैं। उन्होंने खुद अपना एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए इस भयानक अनुभव को फैंस के साथ साझा किया है। सिंगर ने बताया कि 19 मई का दिन उनकी जिंदगी का आखिरी दिन हो सकता था, लेकिन खुशकिस्मती से उनके दोस्त उस वक्त उनके पास मौजूद थे, जिनकी वजह से आज वे जिंदा हैं।
दोस्तों की वजह से बची जान, दिल और दिमाग ने कर दिया था काम करना बंद
पंजाब के रोपड़ में जन्मे और वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे करनदीप ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए बताया कि बीते दिन अचानक उनका दिल और दिमाग पूरी तरह से रुक गया था। उन्हें लगा कि उनका काम तमाम हो चुका है और अब वे नहीं बचेंगे। उन्होंने कहा कि अगर सही समय पर उनके दोस्तों ने उनकी मदद न की होती, तो आज वे इस दुनिया में नहीं होते। मौत को इतने करीब से देखने के बाद करनदीप का दुनिया और जिंदगी को देखने का नजरिया पूरी तरह से बदल गया है।

रोजाना जिम जाने वाले युवाओं को दी खास चेतावनी
हमेशा फिट रहने वाले इस स्टार ने अपनी इस घटना का उदाहरण देते हुए युवाओं को एक बड़ी चेतावनी दी है। करनदीप ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि भले ही आप रोजाना जिम जाते हों, बेहतरीन डाइट लेते हों और फिटनेस के प्रति बहुत जागरूक हों, लेकिन फिर भी समय-समय पर अपना पूरा मेडिकल चेकअप जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि इंसान को अपनी कमाई अपनी सेहत पर जरूर खर्च करनी चाहिए, वरना सब कुछ यहीं धरा का धरा रह जाएगा। अब नई जिंदगी मिलने के बाद उन्होंने युवाओं को सेहत के प्रति और अधिक प्रेरित करने का संकल्प लिया है।
‘जिंदगी बहुत छोटी है, परिवार के साथ प्यार से रहो’
इस जानलेवा हादसे ने करनदीप को जिंदगी की असल अहमियत समझा दी है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इंसान को फिटनेस की कितनी भी नॉलेज क्यों न हो, लेकिन जिंदगी में कभी भी कुछ भी हो सकता है। जीवन बहुत छोटा है और किसी को नहीं पता कि अगला पल कैसा होगा। इसलिए उन्होंने सभी को यह संदेश दिया है कि हमेशा सबके साथ मिलजुल कर रहें और अपने माता-पिता, भाई-बहनों व परिवार के साथ प्यार से अपनी जिंदगी बिताएं।


this-famous-punjabi-singer-suffered-a-heart-attack-after-cheating-death-he-shared-a-deeply-moving-and-startling-revelation








