जालंधर: पंजाब में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती और आम जनता को हो रही भारी परेशानियों के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी मंडल लांबड़ा के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मनदीप बख्शी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भगवंत मान को काले झंडे दिखाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। जैसे ही श्री मनदीप बख्शी अपने साथियों के साथ मंडल कार्यालय से रवाना हुए, पुलिस ने उन्हें लांबड़ा थाने में रोक लिया और बाद में मंडा चौकी ले गई।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है और सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे पुलिस प्रशासन द्वारा कुचलने का प्रयास किया गया है।
भाजपा नेताओं ने पंजाब सरकार और प्रशासन की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष और आम जनता की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार न किया जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर काला पहलवान, नरेंद्र पाल चंडी, मंडल अध्यक्ष कुलदीप माही, बलबीर सिंह सिद्धू, डॉ. राहुल जमवाल, तरसेम थापा, वरिंदर पाल बंटी, मंगत राम शर्मा, संतोष शर्मा, मोहित त्रहेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।


Police stopped BJP leaders who were on their way to show black flags to CM Mann








