जगराओं: पंजाब के जगराओं इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोगों का घरों से निकलना मुहाल हो गया है। यहां एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 80 वर्षीय बुजुर्ग और गांव के पूर्व सरपंच पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें इस कदर नोचा कि उनकी एक बाजू तक खा ली। इस भयानक हमले में बुरी तरह से घायल पूर्व सरपंच ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
खेत की मोटर पर रह रहे थे बुजुर्ग, देर रात हुआ हमला
मृतक की पहचान 80 वर्षीय पूर्व सरपंच जगदीश सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदीश सिंह लंबे समय से गांव से बाहर अपने खेत में बनी मोटर पर ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात जब वह बाथरूम जाने के लिए उठे, तो वहां मौजूद आवारा कुत्तों के एक बड़े झुंड ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। उम्र अधिक होने के कारण जगदीश सिंह अपना बचाव नहीं कर सके और कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
इलाके में भारी दहशत: 15 दिन के भीतर गई दूसरी जान
इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। आवारा कुत्तों के हमले से इलाके में यह कोई पहली मौत नहीं है। महज 15 दिन पहले ही पास के पब्बियां गांव में भी कुत्तों के एक झुंड ने बिहार से आए एक प्रवासी मजदूर पर इसी तरह का जानलेवा हमला किया था, जिसमें उसकी भी जान चली गई थी। लगातार हो रही इन दर्दनाक मौतों के बाद लोगों में भारी रोष है और आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठ रही है।


A pack of stray dogs mauled a former Sarpanch to death and devoured one of his arms




