अमृतसर: सरहदी सूबे पंजाब में एक बार फिर खून-खराबा करने की पाकिस्तान की नापाक साजिश को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पूरी तरह से विफल कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) द्वारा संचालित एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस अहम कार्रवाई में पुलिस ने सुमित कुमार उर्फ पंडित नाम के एक 24 वर्षीय संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है, जो राज्य में पुलिस थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़े धमाके करने की फिराक में था।
विदेशी सपनों के लालच में बना ISI का मोहरा
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इस पूरी आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी सुमित मूल रूप से रूपनगर जिले का रहने वाला है। साल 2023 में ड्रग्स (NDPS) के एक मामले में नाम आने के बाद वह अमृतसर के ग्रामीण इलाके पंडोरी गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था और पहचान छिपाने के लिए एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने लगा था। इसी दौरान वह सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार बैठे ISI हैंडलर्स के सीधे संपर्क में आ गया। पाकिस्तानी आकाओं ने उसे मोटा पैसा देने और विदेश में सेटल करने का लालच देकर अपनी खौफनाक गतिविधियों के लिए तैयार कर लिया।
टारगेट पर थे पुलिस स्टेशन, मोबाइल ने उगले गहरे राज
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स ने सुमित को पंजाब पुलिस के प्रतिष्ठानों पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने, पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीमों पर अंधाधुंध फायरिंग करने और भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने का फरमान सौंपा था। वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बेहद करीब था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया। आरोपी के मोबाइल फोन से कई सनसनीखेज डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनमें ग्रेनेड फेंकने की ट्रेनिंग, आधुनिक हथियार चलाने, टारगेट की रेकी करने, हथियारों को सुरक्षित छिपाने और वारदात के बाद पुलिस से बचने के तरीकों के वीडियो व निर्देश शामिल हैं।
विदेशी पिस्टल और हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। इसमें एक शक्तिशाली हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम की एक अत्याधुनिक ग्लॉक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इससे जुड़े अन्य स्लीपर सेल और विदेशी आकाओं की पहचान कर उन्हें भी बेनकाब किया जा सके। इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस कमिश्नर ने सूबे के युवाओं से खास अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के प्रलोभन या झूठे सपनों के जाल में फंसकर अपना जीवन बर्बाद न करें।


Punjab Police achieves major success, arrests dangerous ISI operative




