चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब और चंडीगढ़ दौरे से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। चंडीगढ़ और मोहाली के कई स्कूलों को एक बेहद सनसनीखेज धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें आगामी 17 जुलाई को चंडीगढ़ और जालंधर में कई प्रमुख जगहों पर सिलसिलेवार बम धमाके करने का दावा किया गया है। इतना ही नहीं, इस ईमेल में केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी जान से मारने की सीधी धमकी दी गई है, जिसके बाद से पुलिस और जांच एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं।
धमकी में टाइमिंग का भी जिक्र, मेयर ऑफिस भी निशाने पर
मोहाली और चंडीगढ़ के स्कूलों को भेजे गए इस खतरनाक ईमेल में हमलावर ने स्थानीय स्कूलों के साथ-साथ मोहाली के मेयर कार्यालय को भी निशाना बनाने की बात कही है। ईमेल के मुताबिक, 17 जुलाई को दोपहर ठीक 1:11 बजे स्कूलों को और दोपहर 3:11 बजे मोहाली मेयर के दफ्तर को बम से उड़ाया जाएगा। इसके अलावा, जालंधर और चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशनों पर भी आईईडी (IED) ब्लास्ट करने की बड़ी चेतावनी दी गई है। यह पूरी साजिश 17 जुलाई के लिए रची गई है, जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं।
रैली में न जाने की चेतावनी और दिलजीत दोसांझ का जिक्र
इस ईमेल में प्रधानमंत्री के दौरे और विभिन्न विकास परियोजनाओं के ऐलान के कार्यक्रम में खलल डालने की पूरी कोशिश की गई है। ईमेल भेजने वाले ने पंजाब के आम निवासियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे पीएम मोदी की रैली में शामिल न हों। इसके साथ ही, इस धमकी भरे पत्र में मशहूर अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ को समर्थन देने की बात भी कही गई है, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए जांच का एक नया बिंदु बन गया है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में चंडीगढ़ और मोहाली के कई नामचीन स्कूलों को पहले भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। बार-बार मिल रही इन धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही काफी मुस्तैद थीं, लेकिन पीएम मोदी के वीवीआईपी दौरे से ठीक पहले आई इस नई धमकी ने पुलिस प्रशासन के कान खड़े कर दिए हैं। सभी संवेदनशील जगहों, स्कूलों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।


Major plot ahead of PM Modi’s visit to Punjab and Chandigarh; threats to blow up schools








