फिरोजपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘मोदी मुर्दाबाद’ जैसे आपत्तिजनक नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं।
पन्नू ने वीडियो में किया जसवंत सिंह खालड़ा का जिक्र
SFJ के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने यह वीडियो जारी कर पंजाब में उग्रवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की विरासत का जिक्र करते हुए कथित एनकाउंटर के मामलों को उठाया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती हैं। गौरतलब है कि जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर ही अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ बनी थी, जिसे रिलीज के दूसरे दिन ही ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था और अब वह पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, पूरे इलाके में हाई अलर्ट
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के सुरक्षा अमले में हड़कंप मच गया है। खुफिया एजेंसियां और स्थानीय पुलिस फिरोजपुर कैंट स्टेशन परिसर में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही हैं। पुलिस उन संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रेन के डिब्बों पर ये देशविरोधी नारे लिखे। एहतियात के तौर पर पूरे फिरोजपुर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
15 और 17 जुलाई को है पीएम मोदी का प्रस्तावित दौरा
यह शरारत ऐसे समय पर की गई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब दौरा बेहद नजदीक है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी 15 और 17 जुलाई को पंजाब के दौरे पर आ सकते हैं। अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नवनिर्मित शानदार बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, उसी दिन उनके द्वारा चंडीगढ़ में भी 4 बड़े विकास प्रोजेक्टों का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियां इस दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटी हैं।


Khalistani slogans and messages scrawled on train coaches ahead of PM Modi’s Punjab visit








