जालंधर: शहर में गुलाब देवी अस्पताल रोड पर स्थित रोज पार्क गुरुद्वारा साहिब के पास बाबा का भेष बनाकर आए तीन शातिर बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने न सिर्फ महिला के सोने के गहने लूटे, बल्कि जब उसने विरोध किया तो उसे अपनी कार के साथ करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
पता पूछने के बहाने रोका
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला सड़क किनारे खड़ी होकर सब्जी खरीद रही थी। इसी दौरान एक लाल रंग की ऑल्टो कार (जिसका नंबर PB10CT8816 बताया जा रहा है) वहां आकर रुकी। कार के अंदर लंबी दाढ़ी वाले तीन लोग बैठे थे, जिन्होंने खुद को बाबा बताया। उन्होंने महिलाओं से किसी पते के बारे में पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। बातों ही बातों में इन फर्जी बाबाओं ने महिला के पहने हुए सोने के गहनों की तारीफ करनी शुरू कर दी और उसे पूरी तरह अपने झांसे में लेकर गहने देखने के बहाने अपने हाथ में ले लिए।

गहने वापस मांगे तो दौड़ा दी कार
जब शातिर ठगों ने गहने वापस करने में आनाकानी की, तो महिला को उनके इरादों पर शक हो गया। उसने तुरंत अपने गहने वापस छीनने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कार भगा ली। अपने खून-पसीने की कमाई से बने गहने बचाने की जद्दोजहद में महिला ने कार को पकड़ लिया और वह उससे लटक गई। बेखौफ बदमाशों ने इसके बावजूद गाड़ी नहीं रोकी और उसे तेज रफ्तार में दौड़ा दिया। नतीजतन, महिला करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और अंत में बैलेंस बिगड़ने से मुंह के बल बुरी तरह सड़क पर गिर पड़ी। इस दर्दनाक हादसे में महिला के चेहरे पर चोटें आई हैं, जबकि आरोपी उसके कानों के टॉप्स लूटकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुई इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि लाल ऑल्टो कार और उसमें सवार तीनों फर्जी बाबाओं की जल्द से जल्द पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गाड़ी का नंबर मिल गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


Jalandhar: A ‘Baba’ stopped near a woman buying vegetables, engaged her in conversation








