लुधियाना: सोशल मीडिया पर अपने कंट्रोवर्शियल कंटेंट को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वालीं पंजाब की इंफ्लुएंसर रंजीत कौर उर्फ ‘भाभी चुम्मेवाली’ और उनके पति जिंदा हंस कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। निहंग मनप्रीत सिंह खालसा की शिकायत पर लुधियाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। निहंग मनप्रीत सिंह का गंभीर आरोप है कि रंजीत कौर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार अश्लील कंटेंट परोस रही हैं, जिसका समाज और युवाओं की मानसिकता पर बेहद नकारात्मक असर पड़ रहा है।
आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला, जांच शुरू
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए रात करीब 9:40 बजे रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए लुधियाना के मोती नगर थाना के एसएचओ (SHO) भूपिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा एफआईआर में लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रंजीत कौर का पलटवार, निहंग मनप्रीत सिंह को दी खुली धमकी
एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला अब पूरी तरह से गर्मा गया है और सोशल मीडिया पर जंग छिड़ गई है। ‘भाभी चुम्मेवाली’ रंजीत कौर ने भी निहंग मनप्रीत सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें खुला चैलेंज दिया है। रंजीत कौर ने धमकी देते हुए दावा किया है कि उनके पास भी निहंग मनप्रीत सिंह के खिलाफ कई अहम सबूत आ चुके हैं और कुछ अन्य सबूत जल्द ही उनके हाथ लगने वाले हैं। इंफ्लुएंसर ने ऐलान किया है कि वह बहुत जल्द मीडिया के सामने आकर सारे सबूत सार्वजनिक करेंगी और मनप्रीत सिंह के कारनामों का बड़ा खुलासा करेंगी। लुधियाना में इस डिजिटल विवाद के बाद अब दोनों पक्षों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।


FIR registered against ‘Bhabhi Chummewali’ Ranjeet Kaur and her husband








