बरनाला/अमृतसर: बेहतर भविष्य के सपने लेकर कनाडा गए पंजाब के दो युवाओं की मॉन्ट्रियल शहर की लाशीन नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है। मृतकों में बरनाला जिले के तपा मंडी निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह और अमृतसर के गांव बुटाला (नौरंगपुर) निवासी एक अन्य युवक शामिल है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।
दोस्त की जान बचाने के लिए नहर में कूद पड़ा लवप्रीत
यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ, जब दोनों दोस्त मॉन्ट्रियल की लाशीन नहर के किनारे मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अचानक अमृतसर निवासी युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। अपने साथी को डूबता देख लवप्रीत सिंह अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया। हालांकि, पानी का बहाव तेज था और नहर गहरी होने के कारण दोनों ही युवक बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी जान चली गई।
कई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही मॉन्ट्रियल फायर डिपार्टमेंट और पुलिस की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मॉन्ट्रियल पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
जमीन बेचकर इकलौते बेटे को कनाडा भेजा था
इस दर्दनाक हादसे से तपा मंडी निवासी पूर्व सैनिक बलवीर सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। 12वीं कक्षा पास करने के बाद बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए सीआरपीएफ के पूर्व जवान बलवीर सिंह ने अपनी दो एकड़ जमीन बेचकर करीब ढाई साल पहले उसे वर्क परमिट पर कनाडा भेजा था। वह वहां एक कंपनी में ट्राला चालक के रूप में काम कर रहा था। परिवार ने बताया कि लवप्रीत से करीब 10 दिन पहले ही फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस बेटे को इतनी हसरतों के साथ विदेश भेजा था, अब उसका पार्थिव शरीर वापस आएगा।
भारत सरकार और एनआरआई समाज से मदद की गुहार
लवप्रीत सिंह के बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार, विदेशों में बसे समाजसेवियों और एनआरआई (NRI) समुदाय से हाथ जोड़कर मदद की अपील की है। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि उनके इकलौते बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द कनाडा से पंजाब लाने के लिए जरूरी प्रशासनिक और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने लाडले का अंतिम संस्कार पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कर सकें।


Two youths from Punjab die by drowning in a Canadian canal








