You are currently viewing पंजाब में सनसनीखेज वारदात, बहन के घर जा रहे युवक का पीछा कर खोपड़ी में उतार दीं गोलियां, कुछ दिन पहले ही जेल से आया था बाहर

पंजाब में सनसनीखेज वारदात, बहन के घर जा रहे युवक का पीछा कर खोपड़ी में उतार दीं गोलियां, कुछ दिन पहले ही जेल से आया था बाहर

अमृतसर: अमृतसर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोट खालसा इलाके में देर रात एक्टिवा सवार दो अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान नितिन उर्फ चीकू के रूप में हुई है। हमलावरों ने युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी विशालजीत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बहन के घर से कुछ ही दूरी पर एक्टिवा सवार बदमाशों ने घेरा
जानकारी के अनुसार, मृतक नितिन उर्फ चीकू देर रात अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोट खालसा स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था। वह बहन के घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि तभी पीछे से घात लगाकर एक्टिवा पर आ रहे दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। जब तक नितिन कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

सिर में गोली लगने से सड़क पर गिरा, अस्पताल में तोड़ा दम
हमलावरों द्वारा चलाई गई गोलियां सीधे नितिन के सिर में लगीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोलीबारी की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। गंभीर रूप से घायल नितिन को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे मृत घोषित कर दिया।

एक हमलावर की हुई पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे एडीसीपी विशालजीत ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि हमलावरों में से एक आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। एडीसीपी ने बताया कि मृतक नितिन का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं और वह कुछ समय पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश और गैंगवार के एंगल से भी जोड़कर देख रही है।

Sensational incident in Punjab: A young man on his way to his sister’s house was chased and shot