वेनिस: विदेशों में बसे भारतीय लगातार अपनी काबिलियत के दम पर दुनिया भर में देश का परचम लहरा रहे हैं। इटली के सान बोनिफाचो (San Bonifacio) इलाके में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए एक बेहद गर्व और खुशी की खबर सामने आई है। पंजाब के ऐतिहासिक गांव खटकर कलां से संबंध रखने वाले परिवार की होनहार बेटी हरप्रीत कौर अब इटली के वेरोना स्थित सान बोनिफाचो पुलिस स्टेशन में अधिकारी के तौर पर अपनी अहम सेवाएं देंगी। उच्च शिक्षा और कानून की पढ़ाई कर चुकीं हरप्रीत की इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ इटली के भारतीय समाज में, बल्कि पूरे भारत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कठिन परीक्षाओं को पार कर पूरा किया सपना, मिलिट्री में भी दे चुकी हैं सेवाएं
हरप्रीत कौर का जन्म इटली में ही हुआ है और उन्होंने वहीं से अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पूरी की। पढ़ाई में हमेशा आगे रहने वाली हरप्रीत ने कानून (Law) के क्षेत्र में डिग्री हासिल की है। इटली पुलिस में अपनी जगह बनाने से पहले वह इटैलियन मिलिट्री (सेना) में भी अपनी शानदार सेवाएं दे चुकी हैं। साल 2022 में इटली पुलिस में उनका चयन हुआ था। कई बेहद कठिन और सख्त परीक्षाओं से गुजरते हुए इस होनहार बेटी ने आखिरकार अपने सपनों को सच कर दिखाया और पुलिस विभाग में उच्च पद हासिल कर भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
खटकर कलां से है पैतृक संबंध, जालंधर में ब्याही हैं हरप्रीत
हरप्रीत कौर मूल रूप से महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां से संबंध रखती हैं। वह स्वर्गीय हरदीप सिंह और माता बलविंदर कौर की बेटी हैं। वर्तमान में हरप्रीत अपने पति अमृतपाल सिंह संधू के साथ विचेन्ज़ा के पास स्थित शहर आरजिनियानो (Arzignano) में रह रही हैं। उनके पति अमृतपाल सिंह मूल रूप से पंजाब के जालंधर जिले के गांव तलवंडी साबो के रहने वाले हैं। एक पंजाबी परिवार से निकलकर विदेशी धरती पर कानून व्यवस्था की कमान संभालना हरप्रीत के दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत को दर्शाता है।
शहर के मेयर और शीर्ष इटैलियन अधिकारियों ने किया जोरदार स्वागत
सान बोनिफाचो पुलिस स्टेशन में हरप्रीत कौर की नियुक्ति से जहां प्रवासी भारतीयों में जश्न का माहौल है, वहीं स्थानीय इटैलियन प्रशासन ने भी उनकी इस उपलब्धि की जमकर सराहना की है। शहर के नवनिर्वाचित मेयर लियोनार्डो फ्रिगो सहित कई शीर्ष इटैलियन अधिकारियों और जानी-मानी हस्तियों ने हरप्रीत की नियुक्ति का गर्मजोशी से स्वागत किया है। स्थानीय लोगों और अधिकारियों का मानना है कि हरप्रीत की इस नियुक्ति से पुलिस प्रशासन और स्थानीय भारतीय समुदाय के बीच संबंध और अधिक मजबूत व बेहतर होंगे।


After serving in the military, a daughter of Punjab has now been entrusted with a major responsibility








