चंडीगढ़: मशहूर पंजाबी एक्टर और कॉमेडियन बीनू ढिल्लों को परिवार के साथ कनाडा यात्रा के दौरान एयर इंडिया की फ्लाइट में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस पूरे वाकये से नाराज होकर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए एयर इंडिया की व्यवस्था पर जमकर भड़ास निकाली है। एक्टर ने लोगों को आगाह किया है कि भविष्य में वे कभी भी इस एयरलाइन से सफर न करें। उन्होंने तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि भले ही आप पैदल कनाडा चले जाएं, लेकिन एयर इंडिया से सफर करने से परहेज करें। ढिल्लों ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि वह पहले खुद इस एयरलाइन को प्रमोट करते रहे हैं।
बिजनेस क्लास का किराया लिया, फिर भी मिलीं टूटी सीटें
बीनू ढिल्लों ने बताया कि वह अपनी फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा’ के प्रमोशन के लिए परिवार सहित एयर इंडिया की वैंकूवर (कनाडा) जाने वाली फ्लाइट में सवार हुए थे। उन्होंने बिजनेस क्लास की महंगी सीटें बुक की थीं, लेकिन फ्लाइट में बैठने पर पता चला कि अधिकतर सीटें खराब हैं और वे ठीक से खुल भी नहीं रही हैं। जब इस समस्या की शिकायत की गई, तो एयरलाइन के कर्मचारियों ने गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए कहा कि वे या तो फ्लाइट से उतर जाएं या फिर इकोनॉमी क्लास की तरह सीधे बैठकर यात्रा करें। इसके बदले एयरलाइन ने उन्हें केवल 35 प्रतिशत रिफंड देने की बात कही, जिससे एक्टर का गुस्सा और भड़क गया।
एक्टर बोले- जब पहले से पता था तो बताया क्यों नहीं
वीडियो में अपना गुस्सा जाहिर करते हुए ढिल्लों ने इसे सीधे तौर पर यात्रियों के साथ ठगी करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरलाइन प्रबंधन को पहले से ही पता था कि फ्लाइट की सीटें खराब हैं, इसके बावजूद यात्रियों को समय रहते इसकी जानकारी नहीं दी गई और न ही उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। एक्टर ने लोगों से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे एयर इंडिया में टिकट बुक न करें, क्योंकि इनका मैनेजमेंट यात्रियों की सुविधा से ज्यादा उन्हें परेशान करने का काम कर रहा है।
फ्लाइट के बाकी यात्रियों ने भी बयां किया दर्द
इस वायरल वीडियो में बीनू ढिल्लों के साथ फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्री भी अपनी परेशानी बयां करते नजर आ रहे हैं। ढिल्लों के साथ खड़े एक व्यक्ति ने एयरलाइन के रवैये पर तंज कसते हुए कहा कि इससे अच्छा तो इंसान सीरिया या यूक्रेन के रास्ते कनाडा चला जाए। वहीं, फ्लाइट में मौजूद एक अन्य सरदार जी ने कहा कि एयर इंडिया के साथ यह उनका दूसरा सबसे बुरा अनुभव है और पूरी फ्लाइट के यात्री इस व्यवस्था से दुखी हैं। इस भारी हंगामे और अव्यवस्था के कारण फ्लाइट के समय पर उड़ान भरने में भी देरी हुई, जिससे यात्रियों को और अधिक मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी।


Actor Binu Dhillon frustrated with Air India flight; says, “Walk instead, but don’t travel with them








