पठानकोट: पठानकोट के कच्चे क्वार्टर इलाके में दो जुलाई की रात हुए सनसनीखेज गुलशन हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल आठ में से चार मुख्य आरोपियों को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ आंडा, विक्की, भूरी और राजन (सभी निवासी कच्चे क्वार्टर) के रूप में हुई है। वारदात में इस्तेमाल किए गए दातर (तेजधार हथियार) भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं, जबकि फरार चल रहे बाकी 4 आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
खाना खाकर बाहर निकले गुलशन को कारों में आकर घेरा, चलाए तेजधार हथियार
घटना दो जुलाई की रात की है। मृतक गुलशन रात के समय खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान हमलावर कारों में सवार होकर आए और गली के मोड़ पर गुलशन को घेर लिया। आरोपियों ने गुलशन पर तेजधार हथियारों और तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हमले के दौरान गुलशन के साथ मौजूद एक अन्य युवक को भी हमलावरों ने घायल किया है, जो इस पूरी वारदात का मुख्य चश्मदीद गवाह है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक घटना के वक्त गोली भी चली थी, जिसके एंगल से पुलिस जांच कर रही है।
CCTV में कैद हुई वारदात, मरने से पहले वीडियो में लिए आरोपियों के नाम
यह पूरी खौफनाक वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मरने से पहले गुलशन ने गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपना एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने अपने ऊपर हमला करने वाले आरोपियों के नाम साफ तौर पर लिए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो पुलिस जांच में एक अहम सबूत साबित हो रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक गुलशन शादीशुदा था और उस पर भी पहले से कई केस दर्ज थे।
पुरानी रंजिश के चलते घात लगाकर किया हमला, 4 अभी भी फरार
मामले की जानकारी देते हुए एसपी (डी) मनोज कुमार ने बताया कि हमलावरों और गुलशन के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते घात लगाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर भी पहले से विभिन्न धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी 8 आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 2 में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


Major breakthrough for Punjab Police in the Gulshan murder case; four accused arrested in Jammu








