अमृतसर: सोने की तस्करी करने वाले चाहे कितने भी शातिर और हाईटेक तरीके अपना लें, लेकिन मुस्तैद सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजरों से बच पाना उनके लिए नामुमकिन साबित हो रहा है। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमृतसर एयरपोर्ट) पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीमों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए करीब एक करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत कुल तीन शातिर यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है, जो पेस्ट और गहनों के रूप में इस बेशकीमती धातु को छिपाकर देश में लाने की कोशिश कर रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह के सक्रिय होने का शक
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए पूरे सोने को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। सोने के साथ रंगे हाथों पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम 1962 की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब खुफिया एजेंसियां और कस्टम विभाग इस बात की गहराई से पड़ताल कर रहे हैं कि कहीं इन ‘कैरियर’ यात्रियों के पीछे कोई बहुत बड़ा अंतरराष्ट्रीय गोल्ड तस्करी सिंडिकेट तो काम नहीं कर रहा है।
जूतों के अंदर छिपा रखा था सोने का पेस्ट
कस्टम और डीआरआई की संयुक्त टीम को पहली बड़ी सफलता तब मिली जब शारजाह से फ्लाइट संख्या 6E1428 से आए एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। संदेह के आधार पर जब टीम ने उसे रोककर एक्स-रे स्कैनिंग और सघन तलाशी ली, तो उसके जूतों के अंदर स्ट्रिप में पेस्ट के रूप में 174 ग्राम सोना छिपा हुआ मिला। इसे जब प्रोसेस किया गया तो इसमें से 150.04 ग्राम शुद्ध सोना निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 22 लाख 5 हजार 588 रुपये आंकी गई है।
महिला यात्री की चालाकी भी नहीं आई काम
दूसरी कार्रवाई में अधिकारियों ने शारजाह से ही आई फ्लाइट संख्या IX-138 की एक महिला यात्री को धर दबोचा। यह महिला भी बेहद चालाकी से कस्टम अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रही थी। लेकिन सघन चेकिंग और स्कैनिंग के दौरान इसके पास से भी पेस्ट के रूप में 114 ग्राम सोना बरामद हो गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस सोने का शुद्ध वजन 90.21 ग्राम निकला, जिसकी कुल कीमत 13 लाख 26 हजार 87 रुपये बताई जा रही है।
मेलबर्न से कड़े और चेन पहनकर पहुंचा था शातिर
तीसरी बड़ी घटना कुआलालंपुर होते हुए मेलबर्न से अमृतसर पहुंची फ्लाइट संख्या MH-118 से जुड़ी है। इस फ्लाइट से उतरे एक पुरुष यात्री को जब कस्टम टीम ने शक के आधार पर जांच के लिए रोका, तो उसके पास से 24 कैरेट शुद्ध सोने के दो भारी कड़े और एक सोने की चेन बरामद हुई। अधिकारियों के मुताबिक इस विदेशी सोने का कुल वजन 484 ग्राम पाया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 70 लाख 66 हजार 400 रुपये है। फिलहाल तीनों ही मामलों में आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।


Gold worth 1 crore seized at Amritsar airport; officials stunned by the smuggling method.








