मोहाली: पंजाब के मोहाली से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाएगी। मोहाली के मटौर की रहने वाली एक महिला ने रोपड़ जाकर अपने ही तीन मासूम बच्चों को बेरहमी से नहर में फेंक दिया और फिर खुद भी पानी में छलांग लगा दी। इस खौफनाक घटना में 10 वर्षीय तपिश, 7 वर्षीय तनवी और 4 वर्षीय नितिन की दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अब तक दो मासूमों के शव पानी से बरामद कर लिए हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश के लिए नहर में सघन अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आरोपी मां शकुंतला उर्फ सुमन को जिंदा बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया है।
10 महीने पहले पति ने भी कर ली थी आत्महत्या
इस दर्दनाक घटना के पीछे गहरी पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, शकुंतला के पति कमल ने भी करीब 10 महीने पहले आत्महत्या कर ली थी। पति की अचानक मौत के बाद से ही परिवार पर भारी आर्थिक और मानसिक दबाव आ गया था, जिसके चलते घर के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे। इस खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर एक मां अपने ही जिगर के टुकड़ों के साथ इतनी बड़ी क्रूरता कैसे कर सकती है।
सास-ससुर ने बहू पर लगाए गंभीर आरोप
इस वारदात के बाद मृतक बच्चों के दादा-दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने अपनी बहू शकुंतला पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से शकुंतला का व्यवहार बिल्कुल भी सामान्य नहीं था। वह घर में अक्सर तनाव में रहती थी और कई बार बच्चों को नुकसान पहुंचाने जैसी खौफनाक बातें भी किया करती थी। परिजनों का कहना है कि घर में लगातार कलह का माहौल बना रहता था, लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह मोहाली से रोपड़ जाकर इस तरह का खौफनाक कदम उठा लेगी।
हर एंगल से इस खौफनाक वारदात की जांच में जुटी पुलिस
घटना की भनक लगते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत एक्शन में आ गई और गोताखोरों को नहर में उतारा गया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी-1 गुरचरन सिंह ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े हर एक तथ्य की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के बयानों को भी दर्ज किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही इस दिल दहला देने वाली वारदात की असली वजह और पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। फिलहाल पुलिस किसी भी नतीजे पर पहुंचने से बच रही है और हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।


Shocking incident in Punjab: A mother threw her three innocent children into a canal








