न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां सड़क के बीचों-बीच एक पंजाबी युवक और अमेरिकन दंपति के बीच जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चले। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी को लेकर हुई थी, जिसके बाद मामला इतना गरमा गया कि पंजाबी युवक ने अपना आपा खो दिया और अमेरिकन नागरिक की सरेआम धुनाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इंटरनेट पर खलबली मचा दी है।

नस्लीय टिप्पणी से भड़की चिंगारी, देखते ही देखते शुरू हो गई मारपीट
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शुरुआत में एक अमेरिकन महिला और पुरुष किसी अन्य युवक से तीखी बहस कर रहे होते हैं। इसी बीच एक पंजाबी युवक वहां पहुंचता है और मामले को शांत करवाने की कोशिश करते हुए अमेरिकन दंपति को समझाता है। लेकिन जब वे नहीं मानते, तो पंजाबी युवक को गुस्सा आ जाता है और वह अपनी मातृभाषा में गालियां देने लगता है। इसके बाद बात इतनी बिगड़ जाती है कि बीच सड़क पर ही दोनों पक्षों में हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है।

ताबड़तोड़ चले थप्पड़, बचाव में आई पत्नी को भी दिया धक्का
विवाद के दौरान पंजाबी युवक का एक अन्य साथी भी कार से बाहर निकल आता है। इसके बाद पंजाबी युवक अचानक बेहद आक्रामक हो जाता है और अमेरिकन व्यक्ति को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ देता है। अपने पति को बुरी तरह पिटता देख जब अमेरिकन महिला बीच-बचाव करने आती है और युवक का पैर पकड़कर रोकने की कोशिश करती है, तो उसे भी धक्के मारकर वहां से चले जाने को कहा जाता है। जब अमेरिकन व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ किए गए इस व्यवहार का विरोध करता है और कहता है कि वह उसकी पत्नी के साथ ऐसा नहीं कर सकता, तो पंजाबी युवक उसे फिर से पीटना शुरू कर देता है।
![]()
जिम के बाहर की है घटना, पुलिस तक नहीं पहुंचा मामला
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना रविवार देर शाम न्यूयॉर्क सिटी के ऑरेंज जिम के बाहर हुई है। इस मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर @KDADY नामक अकाउंट से अपलोड किया गया है। हालांकि, वीडियो शेयर करने वाले ने झगड़े के असली कारणों का पूरा खुलासा नहीं किया है। खबर लिखे जाने तक यह मामला न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) के पास नहीं पहुंचा है, जिसके चलते अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो में नजर आ रहे लोग कौन हैं और वे मूल रूप से कहां के रहने वाले हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय, किसी ने बताया ‘बहादुर’ तो किसी ने कोसा
न्यूयॉर्क की सड़क पर हुए इस थप्पड़ कांड पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स जहां पंजाबी युवक के इस एग्रेसिव रवैये को उसकी बहादुरी बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग अमेरिकन महिला की तारीफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि अमेरिकन व्यक्ति से ज्यादा तो उसकी पत्नी फाइटर निकली, जिसने कम से कम भिड़ रहे युवकों को रोकने का प्रयास तो किया। इसके अलावा, कई यूजर्स ने वीडियो बनाने वाले शख्स को भी आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है कि तमाशबीन बनकर वीडियो शूट करने वाले को शर्म आनी चाहिए थी, उसे कैमरा छोड़कर यह झगड़ा रोकना चाहिए था।


Punjabi youth enraged by racist remark in New York; publicly slaps American couple repeatedly








