You are currently viewing पंजाब में जामुन का पेड़ काटने से रोका तो हुआ खूनी खेल, पिता की लाइसेंसी राइफल छीनकर बेटे को उतारा मौत के घाट

पंजाब में जामुन का पेड़ काटने से रोका तो हुआ खूनी खेल, पिता की लाइसेंसी राइफल छीनकर बेटे को उतारा मौत के घाट

मोगा: मोगा जिले में एक मामूली सा विवाद खौफनाक हत्याकांड में तब्दील हो गया। थाना बधनी कलां के अधीन आते एक गांव में जामुन का पेड़ काटने को लेकर हुई बहस इतनी बढ़ गई कि हमलावरों ने एक युवक को उसी के पिता की लाइसेंसी राइफल छीनकर गोली मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हरे-भरे पेड़ को काटने से रोकने पर हुई थी मारपीट

पुलिस को दी गई शिकायत में कुन्नर बस्ती (बुट्टर कलां) के रहने वाले जगरूप सिंह ने बताया कि वह अपने चाचा सतनाम सिंह के साथ गांव के ही नच्छत्तर सिंह की जमीन ठेके पर लेकर खेती करते हैं। उनके पड़ोसी खेत में कुछ लोग धान (जीरी) लगाने आए थे, जो अचानक खेत के पास लगे जामुन के हरे-भरे पेड़ को काटने लगे। जब चाचा सतनाम सिंह ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। चाचा ने किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचकर पूरी आपबीती जगरूप को बताई।

बचाव में राइफल लेकर पहुंचे पिता, हमलावरों ने बेटे को मारी गोली

चाचा के साथ हुई मारपीट की खबर सुनकर जगरूप सिंह अपनी सुरक्षा के लिए 12 बोर की लाइसेंसी राइफल लेकर तुरंत खेत की ओर दौड़े। उनके साथ उनका युवा बेटा हरसदीप सिंह भी था। खेत पर पहुंचते ही आरोपियों ने तैश में आकर जगरूप सिंह पर हमला बोल दिया और झपट्टा मारकर उनकी राइफल छीन ली। इसके बाद हमलावरों ने सीधे उनके बेटे हरसदीप सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली सीधा हरसदीप के पेट में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार

गंभीर रूप से घायल हरसदीप को परिजन तुरंत मोगा के मेडिसिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन घाव गहरा होने की वजह से इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना बधनी कलां के एएसआई (ASI) गुरचरण सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोरा सिंह और दारा सिंह (निवासी- जिला गंगानगर, राजस्थान) के रूप में हुई है, जो आपस में भाई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार बरामदगी के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Bloodshed in Punjab over attempt to stop the felling of a Jamun tree; son snatched father’s licensed rifle and killed him