बठिंडा: पंजाब के बठिंडा शहर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दौरे से ठीक पहले चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां बीजेपी नेता और मशहूर चिकित्सक डॉ. तरसेम गर्ग के ‘हैनमैन क्लिनिक’ पर अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल बम से जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि इस भयानक घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन क्लिनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी आग की चपेट में आ गई। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
नकाबपोश हमलावरों ने बेखौफ होकर बनाया वारदात का वीडियो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए दो नकाबपोश हमलावर डॉ. तरसेम गर्ग के क्लिनिक के बाहर पहुंचे थे। इनमें से एक व्यक्ति क्लिनिक के गेट के बाहर खड़ा होकर ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल में आग लगा रहा था, जबकि उसका दूसरा साथी बेखौफ होकर इस पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना रहा था। आग लगाने के तुरंत बाद हमलावर ने क्लिनिक के अंदर धधकता हुआ पेट्रोल बम फेंक दिया। क्लिनिक के अंदर मौजूद व्यक्ति ने जब यह मंजर देखा तो उसने तुरंत शोर मचा दिया। चीख-पुकार सुनकर जैसे ही आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, दोनों हमलावर मौके से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच, खंगाले जा रहे सीसीटीवी
दिनदहाड़े हुई इस घटना की भनक लगते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। आला पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और डॉ. गर्ग से पूछताछ करते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक (SP) नरेन्द्र सिंह ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने क्लिनिक के अंदर पेट्रोल बम फेंका है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द सलाखों के पीछे डाला जा सके। वहीं, डॉ. गर्ग ने पुलिस को बताया है कि उनकी किसी के साथ कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी मिली थी।
AAP से नाता तोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे डॉ. गर्ग
इस सनसनीखेज हमले के बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल, डॉ. तरसेम गर्ग पहले सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े हुए थे और पंजाब ट्रेड विंग के सेक्रेटरी पद की दौड़ में शामिल थे। बाद में बठिंडा नगर निगम चुनावों के दौरान उन्हें इस पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। हालांकि, कुछ समय बाद पार्टी से गहरी नाराजगी के चलते उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन छोड़ दिया और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। इसके अलावा, सुरक्षा के लिहाज से यह बात भी अहम है कि डॉ. गर्ग के क्लिनिक के ठीक सामने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का एक बड़ा कार्यालय भी मौजूद है। पुलिस अब हर संभावित एंगल से इस हमले की गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है।


Major incident just before CM Mann’s arrival in Bathinda: BJP leader’s clinic attacked with a petrol bomb




