You are currently viewing EPFO पर बड़ा अपडेट, अब ATM और UPI से चुटकियों में निकलेगा PF का पैसा; जानिए निकासी की नई लिमिट

EPFO पर बड़ा अपडेट, अब ATM और UPI से चुटकियों में निकलेगा PF का पैसा; जानिए निकासी की नई लिमिट

नई दिल्ली: ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स के लिए एक बड़ी और राहत देने वाली खबर है। अब आपको अपने प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा निकालने के लिए हफ्तों का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार जल्द ही एक नई और आधुनिक सुविधा शुरू करने जा रही है, जिसके तहत आप यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) के जरिए सीधे अपना पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के साथ मिलकर इस नई तकनीक की टेस्टिंग पूरी कर ली गई है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने भी संकेत दिए हैं कि इस महीने के अंत तक इस सर्विस को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जा सकता है।

खाते से निकाल सकेंगे 75 फीसदी तक की रकम

इस नई यूपीआई और एटीएम सुविधा के तहत कितना पैसा निकाला जा सकेगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। हालांकि, माना जा रहा है कि मौजूदा नियमों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मीडिया रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों के मुताबिक, कर्मचारी अपने पीएफ खाते में जमा कुल बैलेंस का 75 फीसदी तक हिस्सा यूपीआई या यूपीआई इनेबल्ड एटीएम के जरिए तुरंत अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। इससे न केवल लंबी कागजी कार्रवाई खत्म होगी, बल्कि देरी की समस्या से भी निजात मिलेगी। वर्तमान व्यवस्था में पीएफ क्लेम सेटल होने और खाते में पैसा आने में 15 से 20 दिन का समय लग जाता है, लेकिन नए सिस्टम से यह काम तुरंत हो जाएगा।

5 लाख हुई सेल्फ सेटलमेंट लिमिट, ईपीएफ 3.0 का इंतजार होगा खत्म

इन अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सरकार ने पीएफ क्लेम प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व आसान बनाते हुए सेल्फ सेटलमेंट की लिमिट को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। इसके अलावा, अब पीएफ सदस्यों को अपनी पहचान सत्यापित करने के लिए ढेरों दस्तावेजों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उमंग (UMANG) ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का इस्तेमाल करके वेरिफिकेशन आसानी से किया जा सकेगा। काफी लंबे समय से बहुप्रतीक्षित ईपीएफ 3.0 (EPF 3.0) अपडेट का काम भी लगभग अंतिम चरण में है। इस अपडेट के पूरी तरह लागू होने के बाद करोड़ों पीएफ खाताधारकों की पुरानी परेशानियां हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगी।