You are currently viewing पाकिस्तान की बड़ी साजिश नाकाम, BSF-पंजाब पुलिस के एक्शन में 27 किलो हेरोइन बरामद, ड्रोन से गिराई थी खेप

पाकिस्तान की बड़ी साजिश नाकाम, BSF-पंजाब पुलिस के एक्शन में 27 किलो हेरोइन बरामद, ड्रोन से गिराई थी खेप

अमृतसर: पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और पंजाब पुलिस की टीमों ने एक साझा सर्च ऑपरेशन चलाते हुए करीब 27 किलो हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई एक पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर की गई है। सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा था कि सीमा पार बैठे पाकिस्तानी तस्करों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए ड्रोन के जरिए नशे की इस भारी खेप को भारतीय सीमा में गिराया है।

लोकल रिसीवर और पाकिस्तानी तस्करों की तलाश में जुटी एजेंसियां

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि अमृतसर के घरिंडा इलाके में पाकिस्तान की तरफ से नशा भेजा गया है। इसके तुरंत बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान पुल मोरन के करीब एक संदिग्ध जगह से यह 27 किलो हेरोइन बरामद कर ली गई। फिलहाल खेप को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब जांच एजेंसियां इस बात का सुराग लगाने में जुट गई हैं कि पाकिस्तान से यह नशा किसने भेजा था और पंजाब में इसे किन स्थानीय तस्करों द्वारा रिसीव किया जाना था।

दो दिन पहले भी पकड़ा गया था हथियारों का बड़ा जखीरा

गौरतलब है कि सरहद पार से पंजाब का माहौल बिगाड़ने की लगातार नापाक कोशिशें जारी हैं। महज दो दिन पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने अमृतसर के ही अजनाला-रामदास इलाके में एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। उस बड़ी कार्रवाई में 25 विदेशी पिस्तौल, एक एके-47 राइफल, 360 कारतूस, 47 मैगजीन और एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की गई थी। ड्रोन के जरिए नशा और हथियारों की तस्करी की इन बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों ने अपनी चौकसी बढ़ा दी है और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।

Major Pakistani plot foiled; 27 kg of heroin seized in joint operation by BSF and Punjab Police