होशियारपुर: होशियारपुर जिले में हाजीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव दगन के पास एक ईंट भट्ठे पर एक प्रवासी मजदूर ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय ज्योति उर्फ पूजा के रूप में हुई है। कत्ल को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी पति लक्ष्मी नारायण मौके से फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कातिल की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह दंपति मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले का रहने वाला है और यहां भट्ठे पर मजदूरी करता था।
मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ चाकू से किए वार
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे लक्ष्मी नारायण और उसकी पत्नी पूजा के बीच किसी बात को लेकर अचानक विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि लक्ष्मी नारायण हैवानियत पर उतर आया। उसने गुस्से में आकर पास ही रखा चाकू उठाया और पूजा के पेट में एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। शरीर से अत्यधिक खून बह जाने के कारण पूजा ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
पंखे की आवाज ने फेरा कातिल की साजिश पर पानी
हत्या करने के बाद आरोपी पति पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की तैयारी कर रहा था। वह अपनी पत्नी की खून से लथपथ लाश को झुग्गी में पड़ी चारपाई के नीचे छिपाने की कोशिश कर रहा था ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे। इसी बीच हड़बड़ाहट में पास ही रखा एक पंखा नीचे गिर गया। रात के सन्नाटे में पंखे के गिरने की जोर से आवाज आई, जिससे पड़ोस की झुग्गियों में सो रहे लोगों और मृतका के भांजे अजय कुमार की नींद खुल गई। भांजे अजय ने बताया कि जब उसने उठकर देखा तो उसका मौसा लक्ष्मी नारायण लाश को छिपाने का प्रयास कर रहा था। जैसे ही लोगों ने शोर मचाया, आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गया। इसके बाद तुरंत हाजीपुर पुलिस को इस खूनी खेल की सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग, हत्यारे की तलाश तेज
वारदात की खबर मिलते ही थाना प्रभारी हरप्रेम सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। थाना मुखी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं और फरार कातिल पति लक्ष्मी नारायण की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।


Bloodshed at a Punjab brick kiln: Migrant worker stabs wife in the abdomen








