You are currently viewing अमेरिका में 19 साल के पंजाबी बेटे ने माता-पिता और नानी को गोलियों से भूना, बड़े भाई पर भी तानी बंदूक; बाल-बाल बची जान

अमेरिका में 19 साल के पंजाबी बेटे ने माता-पिता और नानी को गोलियों से भूना, बड़े भाई पर भी तानी बंदूक; बाल-बाल बची जान

टेक्सास: अमेरिका के टेक्सास राज्य के एल्टन शहर में एक 19 वर्षीय पंजाबी युवक ने मंगलवार को अपने ही माता-पिता और नानी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। हिडालगो काउंटी शेरिफ कार्यालय ने मृतकों की पहचान 56 वर्षीय पिता स्वीटा राम, 46 वर्षीय मां कमलेश रानी और 73 वर्षीय नानी मिंदर कौर के रूप में की है। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके और वहां रह रहे भारतीय समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पंजाब के नवांशहर से जुड़ा है परिवार, पिता थे नामी कारोबारी

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मृतक स्वीटा राम इलाके के एक जाने-माने और सफल कारोबारी थे। यह पीड़ित परिवार मूल रूप से पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) जिले में बंगा के पास स्थित गांव लखपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। अपने ही परिवार को मौत के घाट उतारने वाले इस कलयुगी बेटे की पहचान 19 साल के गौरव चोपड़ा के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सीढ़ियों पर लाशें देख सहम गया बड़ा भाई, बाल-बाल बची जान

हिडालगो काउंटी के शेरिफ एडी गुएरा ने बताया कि आरोपी गौरव चोपड़ा पर तीन हत्याओं के अलावा हत्या के प्रयास का एक और संगीन आरोप लगाया गया है। दरअसल, आरोपी ने अपने 21 साल के बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया था। बड़े भाई ने जांच अधिकारियों को बताया कि जब वह सीढ़ियां चढ़ रहा था, तो उसने जमीन पर किसी के पैर पड़े देखे। वह इस खौफनाक मंजर को देखकर सदमे में था कि तभी उसका छोटा भाई गौरव बंदूक ताने उसकी तरफ आया और सीधा सिर पर निशाना लगाकर गोली चला दी। गनीमत यह रही कि निशाना चूक गया और उसकी जान बच गई। इसके बाद उसी ने तुरंत पुलिस को इस वारदात की सूचना दी।

भागने की फिराक में था कातिल बेटा, पीछा कर दबोचा गया

फायरिंग की इस घटना में आरोपी की मां और नानी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता स्वीटा राम को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गौरव ने अपनी कार से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी से हत्या में इस्तेमाल की गई बन्दूक भी बरामद कर ली है। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

In the US, a 19-year-old Punjabi man shot his parents and maternal grandmother and also pointed a gun