चंडीगढ़: चंडीगढ़ प्रशासन ने आम जनता और सरकारी कर्मचारियों के लिए एक अहम घोषणा की है। कल यानी 18 जून (गुरुवार) को शहर में पूर्ण सरकारी छुट्टी रहेगी। यह महत्वपूर्ण फैसला सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जुन देव जी के महान शहीदी दिवस के सम्मान में लिया गया है। प्रशासन के गृह विभाग ने बुधवार को इस संबंध में एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
पहले था प्रतिबंधित अवकाश, अब आदेश में हुआ बड़ा बदलाव
जारी की गई नई अधिसूचना के मुताबिक, पहले चंडीगढ़ प्रशासन के कैलेंडर वर्ष 2026 में इस खास दिन को केवल एक प्रतिबंधित (रिस्ट्रिक्टेड) अवकाश के तौर पर रखा गया था। लेकिन अब प्रशासन ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अपने पुराने आदेश में आंशिक संशोधन किया है और इसे पूर्ण सार्वजनिक अवकाश में तब्दील कर दिया है।
बंद रहेंगे सभी बोर्ड, कॉर्पोरेशन और सरकारी संस्थान
चंडीगढ़ के गृह सचिव दिप्रावा लाकरा की तरफ से जारी किए गए इस आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि 18 जून को शहर के सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड और कॉर्पोरेशन पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी सरकारी शिक्षण संस्थान और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी छुट्टी का पालन किया जाएगा। ऐसे में आम जनता को यह सलाह दी गई है कि वे अगर कल किसी सरकारी दफ्तर या संस्थान में काम के लिए जाने की सोच रहे हैं, तो अपना कार्यक्रम उसी के अनुसार बदल लें ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Chandigarh Administration suddenly announces a holiday; all boards, corporations








