तरनतारन: तरनतारन जिले से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने ममता के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। पति को घर बुलाने की जिद में एक महिला इस कदर हैवान बन गई कि उसने अपनी महज डेढ़ साल की मासूम बच्ची को बेरहमी से पीटा। कलयुगी मां ने मासूम को सिर से पकड़कर बिस्तर पर पटका और महज 10 सेकंड के अंदर 6 जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। इस खौफनाक क्रूरता का वीडियो महिला ने खुद अपने मोबाइल से बनाया और अपने पति को भेज दिया, ताकि वह बच्ची की यह हालत देखकर डर के मारे घर लौट आए।
पुलिस और बाल सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, बच्ची को किया रेस्क्यू
इस अमानवीय क्रूरता का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें बाल सुरक्षा हेल्पलाइन पर एक शिकायत के साथ यह दर्दनाक वीडियो मिला था। मामले की गंभीरता और बच्ची की जान को खतरा देखते हुए बाल सुरक्षा विभाग ने बिना कोई देरी किए पुलिस के साथ मिलकर मोहल्ला नानकसर स्थित महिला के मायके में छापेमारी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को तुरंत हिरासत में ले लिया और बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर विभाग के संरक्षण में भेज दिया है।
पति को वापस बुलाने के लिए मासूम को बनाया मोहरा
पुलिस की प्रारंभिक जांच और आरोपी महिला से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी मां सिमरन ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि उसका पति कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। उसे वापस बुलाने के लिए कोई और रास्ता न देख उसने अपनी ही बेटी के साथ क्रूरता करने की साजिश रची। वह मासूम को पीटती थी और उसका वीडियो बनाकर पति को भेज देती थी। जांच में यह बेहद गंभीर बात भी सामने आई है कि बच्ची के माता-पिता दोनों ही नशे के आदी हैं। इसी नशे की लत और पारिवारिक कलह का खामियाजा इस बेजुबान मासूम को भुगतना पड़ रहा था।
वीडियो देखकर भड़का लोगों का गुस्सा, कड़ी सजा की मांग
इस दर्दनाक घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी रोष और गुस्सा भड़क उठा है। लोगों का कहना है कि जो मासूम अभी ठीक से बोलना भी नहीं जानती, उसके साथ ऐसी दरिंदगी करने वाले माता-पिता किसी भी रहम के हकदार नहीं हैं और उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। वहीं, बाल सुरक्षा विभाग का कहना है कि बच्ची की सुरक्षा और उसके भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, ताकि मासूम को एक सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।


Mother’s cruelty will make your hair stand on end: she slapped the innocent child six times in just 10 seconds








