मानसा: मानसा जिले में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जिले के बोहा कस्बे में स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर भूपिंदर कुमार ने नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। इस आत्महत्या के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फूट पड़ा है। गुस्से से आगबबूला लोगों ने पूरा बोहा कस्बा बंद कर दिया है और सड़कों पर उतरकर जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। परिवार ने सीधे तौर पर बुढलाडा के सत्ताधारी विधायक और स्वास्थ्य विभाग के ही कुछ कर्मचारियों पर भूपिंदर को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के बेहद संगीन आरोप लगाए हैं।
सुसाइड नोट में खुली पोल, बेइज्जती और प्रताड़ना का चौंकाने वाला खुलासा
इस पूरे मामले ने उस वक्त एक नया और खौफनाक मोड़ ले लिया, जब पुलिस को मृतक भूपिंदर कुमार के पास से एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस दर्द भरे खत में भूपिंदर ने अपनी मौत का जिम्मेदार स्वास्थ्य विभाग के कुछ सहकर्मियों और विधायक को ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि विभाग के कुछ लोगों ने साजिश के तहत जानबूझकर विधायक से भूपिंदर की झूठी शिकायत की थी, जिसके बाद विधायक ने फोन करके उन्हें बुरी तरह धमकाया था। सुसाइड नोट में भूपिंदर ने स्पष्ट लिखा है कि उनके साथ लगातार जो बेइज्जती की जा रही थी और जिस मानसिक प्रताड़ना से उन्हें गुजारा जा रहा था, उसके दबाव में आकर ही वह मौत को गले लगाने पर मजबूर हुए हैं। फिलहाल, प्रदर्शनकारी अब आरोपी विधायक और संबंधित कर्मचारियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
आरोपी विधायक ने दी सफाई, कहा- ‘वो तो मेरा अच्छा दोस्त था…’
दूसरी तरफ, अपने ऊपर आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगने के बाद बुढलाडा के विधायक प्रिंसिपल बुधराम ने सामने आकर अपनी सफाई पेश की है। विधायक ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर माना कि सेहत विभाग के कुछ कर्मचारी उनके पास एक शिकायत लेकर आए थे और इसी सिलसिले में उन्होंने भूपिंदर को फोन किया था। लेकिन किसी भी तरह की धमकी देने की बात को नकारते हुए विधायक ने कहा कि भूपिंदर उनके बहुत अच्छे दोस्त थे और बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच इस विवाद को शांति से सुलझा लिया गया था। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है और इस हाई-प्रोफाइल मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है।


Health supervisor wrote a suicide note and jumped into a canal; outraged residents shut down the entire town.




