जालंधर: शहर के शेखों ग्रैंड होटल के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की एक ट्राली में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक इतनी जोर से टकराई कि बाइक का अगला हिस्सा सीधा ट्राली के नीचे जा घुसा। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद मौका पाकर ट्राली का ड्राइवर और उसमें सवार तीन अन्य युवक वहां से फरार हो गए।
जोरदार धमाके जैसी आवाज सुन दौड़े लोग
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार को नगर निगम की यह ट्राली काफी समय से सड़क किनारे गलत तरीके से खड़ी थी। इसी बीच पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्राली से टकरा गई। पास ही कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर खड़े एक चश्मदीद साहिल ने बताया कि टक्कर इतनी भयंकर थी कि जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब लोग घबराकर बाहर दौड़े तो देखा कि बाइक ट्राली के नीचे बुरी तरह फंसी हुई थी और युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था। घायल युवक की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है।
एंबुलेंस का इंतजार किए बिना लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
पास ही मौजूद टैक्सी स्टैंड के संचालक राजकुमार ने बताया कि इस खौफनाक दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क पर गलत तरीके से खड़ी निगम की ट्राली ही थी। हादसे के बाद तुरंत एंबुलेंस को फोन किया गया था, लेकिन जब काफी देर तक कोई सरकारी मदद नहीं पहुंची, तो राजकुमार के बेटे और अन्य स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक निजी वाहन की मदद से घायल कृष्णा को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की जांच कर रहे एएसआई जोरावर ने बताया कि राहगीरों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बाइक सवार कृष्णा अपनी सही दिशा में जा रहा था, लेकिन उसकी रफ्तार काफी तेज थी। शुरुआती जांच में इस हादसे के लिए ट्राली चालक और बाइक सवार दोनों की लापरवाही सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और निगम की ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है। घायल युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Speeding bike rams into a municipal trolley parked by the roadside in Jalandhar




