नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्य अपने पीएफ खाते में ब्याज का पैसा जमा होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ की ब्याज दर 8.25 प्रतिशत पर बरकरार रखी गई है। इस ब्याज दर को स्थिर रखने का फैसला लिए हुए करीब दो महीने का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक सब्सक्राइबर्स के खाते में पैसा क्रेडिट नहीं हुआ है। अब इस बहुप्रतीक्षित ब्याज के पैसे को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बीते मार्च 2026 में ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने ईपीएफ जमा पर 8.25% की वार्षिक ब्याज दर की सिफारिश की थी। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने भी यह सिफारिश की थी कि इस ब्याज को जल्द से जल्द सदस्यों के खाते में जमा किया जाए।
खाते में कब तक आएगा ब्याज का पैसा?
पीएफ खाते में ब्याज जमा होने का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए बता दें कि फिलहाल ईपीएफओ की ओर से कोई आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन अगर पिछले कुछ सालों के रुझानों पर नजर डालें, तो यह संभावना जताई जा रही है कि ब्याज का पैसा जून और सितंबर के बीच किसी भी समय सदस्यों के खाते में ट्रांसफर किया जा सकता है। दरअसल, यह राशि खातों में तभी जमा की जाती है जब केंद्र सरकार से सिफारिश को औपचारिक मंजूरी मिल जाती है और इसे आधिकारिक रूप से अधिसूचित कर दिया जाता है। इस लंबी प्रक्रिया के कारण ही पैसा जमा करने की कोई पक्की तारीख तय नहीं होती। पिछले साल कई ग्राहकों को जून और जुलाई महीने में ही ब्याज मिल गया था।
क्या देरी होने से ब्याज के पैसों पर पड़ेगा कोई असर?
कई लोगों के मन में यह सवाल है कि देरी होने से क्या उनके ब्याज के पैसों का नुकसान होगा, तो इसका स्पष्ट जवाब है नहीं। पासबुक अपडेट होने में भले ही देरी हो, लेकिन ग्राहकों को उनके हक का पूरा ब्याज मिलता है। ईपीएफ योजना 1952 के नियमों के तहत पीएफ खाते पर ब्याज की गणना मासिक चालू शेष पर होती है, जिस पर सालाना चक्रवृद्धि ब्याज लगाया जाता है। इसलिए, तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से पासबुक में ब्याज देर से दिखने पर भी सदस्यों को मिलने वाली असल रकम पर कोई असर नहीं पड़ता है। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि सभी ईपीएफ पासबुक में ब्याज एक साथ अपडेट नहीं होता, इसलिए कुछ लोगों को पैसा पहले और कुछ को बाद में दिख सकता है।
पैसा आते ही घर बैठे ऐसे चेक करें अपना बैलेंस
ईपीएफओ ने अपने करोड़ों सदस्यों की सहूलियत के लिए कई आसान विकल्प दिए हैं। ब्याज की रकम खाते में आते ही आप बिना किसी परेशानी के घर बैठे अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं। इसके लिए सदस्य उमंग ऐप (Umang App) का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर ईपीएफओ सदस्य ई-सेवा पोर्टल पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं। इसके अलावा, जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे ईपीएफओ की मिस्ड कॉल सेवा या एसएमएस सुविधा का लाभ उठाकर भी अपने पीएफ खाते का ताजा स्टेटस और बैलेंस मिनटों में जान सकते हैं।


Waiting for the interest amount in your PF account? The biggest update is here








