You are currently viewing रेलवे ने अमृतसर से माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत का रूट बदला, जानें अब किन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन

रेलवे ने अमृतसर से माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत का रूट बदला, जानें अब किन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन

अमृतसर: रेलवे ने अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट और शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। घोषणा के 83 दिन बाद इसका संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन पहले से तय पठानकोट कैंट, ब्यास और जालंधर सिटी के बजाय कटड़ा से पठानकोट सिटी, गुरदासपुर, छीना और बटाला होकर गुजरेगी।

16 जून से शुरू होगी सेवा, शनिवार को रहेगा अवकाश

सीमावर्ती जिलों के यात्रियों के लिए यह एक बड़ी सौगात है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आठ कोच वाली यह ट्रेन (नंबर 26405/26406) अमृतसर से 16 जून और कटड़ा से 17 जून को अपनी नियमित सेवाएं शुरू करेगी। यह आधुनिक ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। यात्रियों की भारी मांग और ट्रेन के रखरखाव को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अब इसका गैर-चलन दिवस मंगलवार की जगह शनिवार निर्धारित किया है। यानी शनिवार को यह ट्रेन नहीं चलेगी।

जानें क्या है ट्रेन का नया शेड्यूल

नई समय-सारिणी के अनुसार, यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से सुबह 6:40 बजे प्रस्थान करेगी और जम्मू तवी, पठानकोट, गुरदासपुर, छीना और बटाला होते हुए दोपहर 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन अमृतसर से शाम 4:25 बजे रवाना होकर इन्हीं स्टेशनों से होते हुए रात 10 बजे कटड़ा पहुंचेगी। इस रूट परिवर्तन से पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के लोगों को पहली बार उनके नजदीकी स्टेशनों पर वंदे भारत की सुविधा मिलेगी और उन्हें अब जम्मू या पठानकोट कैंट जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

गोल्डन टेंपल से वैष्णो देवी की सीधी कनेक्टिविटी

इस नए रूट से न सिर्फ यात्रियों के समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन को भी भारी बढ़ावा मिलेगा। देश-दुनिया से अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में माथा टेकने आने वाले श्रद्धालु अब सीधे वंदे भारत एक्सप्रेस से कटड़ा पहुंचकर माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकेंगे। इससे उनकी धार्मिक यात्रा बेहद आरामदायक और समयबद्ध हो जाएगी।

पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच मजबूत होंगे रिश्ते

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि गुरदासपुर और बटाला को वंदे भारत नेटवर्क से जोड़ने का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों के यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और तेज रेल सेवा उपलब्ध कराना है। इस ऐतिहासिक कदम से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे हेल्पलाइन 139 या आईआरसीटीसी ऐप से नई समय-सारिणी जांच कर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Railways changes the route of the Vande Bharat train running between Amritsar and Mata Vaishno Devi