मोगा: मोगा जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अजीतवाल थाने के अंतर्गत आने वाले गांव तखानवध में एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयानों के आधार पर आरोपी गर्लफ्रेंड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मदद करना ही पड़ा भारी, 2 साल से कर रही थी टालमटोल
मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय बलजिन्द्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बलजिंद्र की एक महिला के साथ काफी समय से गहरी दोस्ती थी और दोनों अक्सर एक-दूसरे की मदद किया करते थे। इसी दौरान गर्लफ्रेंड ने अपनी कोई परेशानी बताकर बलजिंद्र से दो लाख रुपये उधार लिए थे। पिछले करीब 2 साल से बलजिंद्र लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन उसकी गर्लफ्रेंड हर बार बहाने बनाकर टालमटोल कर रही थी।
रेप केस में फंसाने की दी जा रही थी धमकी
मृतक के पिता सुरजीत सिंह ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि जब उनके बेटे ने पैसे लौटाने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह बलजिंद्र को बार-बार यह धमकी दे रही थी कि अगर उसने दोबारा पैसे मांगे, तो वह उस पर झूठा रेप केस दर्ज करवा कर उसे सीधा जेल भिजवा देगी।
मानसिक परेशानी में निगला जहरीला पदार्थ
गर्लफ्रेंड द्वारा दी जा रही इन गंभीर धमकियों की वजह से बलजिंद्र भारी मानसिक दबाव और दहशत में जी रहा था। इसी प्रताड़ना और खौफ से तंग आकर अंततः उसने जहरीली दवाई पी ली और हमेशा के लिए मौत को गले लगा लिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और वे गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी की तलाश जारी
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अजीतवाल की पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी गर्लफ्रेंड के खिलाफ संबंधित धाराओं में पर्चा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कथित आरोपी महिला फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


Boyfriend terrified by girlfriend’s threat; took this drastic step out of panic








