You are currently viewing पंजाब में 10वीं मंजिल से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, कानों में हेडफोन और पीठ पर था बैग… CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

पंजाब में 10वीं मंजिल से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, कानों में हेडफोन और पीठ पर था बैग… CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

 

मोहाली: मोहाली के खरड़-लांडरा रोड पर स्थित एसबीपी नॉर्थ वैली सोसाइटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां टावर नंबर-3 की 10वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन यह अभी एक पहेली बनी हुई है कि युवक ने आत्महत्या की है या वह किसी दर्दनाक हादसे का शिकार हुआ है।

आधी रात को आई जोरदार आवाज और उड़ गए लोगों के होश

मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 12:25 बजे की है। सोसाइटी के लोगों को अचानक बाहर पार्किंग एरिया में किसी भारी चीज के गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी। जब लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। पार्किंग क्षेत्र में एक युवक का शव पड़ा था। हैरान करने वाली बात यह थी कि गिरते वक्त भी युवक के कानों में हेडफोन लगे हुए थे और पैरों में चप्पल थी।

हवा में टूट गई नेटवर्क केबल, पास पड़ा मिला पिट्ठू बैग

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ऊंचाई से इतनी तेजी से नीचे गिरा कि इमारत के बाहर से गुजर रही एक भारी नेटवर्क केबल भी उसकी चपेट में आ गई। टक्कर लगने से केबल टूटकर जमीन पर आ गिरी। मृतक के पास ही एक पिट्ठू बैग भी पड़ा मिला, जिसमें पानी की बोतल रखी हुई थी। वहीं, उसका मोबाइल फोन उसकी जेब में सुरक्षित मिला है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 साल है और वह पिछले 3-4 महीने से इसी सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रह रहा था। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

यह पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में युवक को ऊंचाई से सीधे नीचे गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रात करीब 2:15 बजे मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर खरड़ सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल पुलिस की टीमें मृतक की पहचान और घटना की गहराई से जांच करने में जुटी हुई हैं।

Youth dies tragically after falling from the 10th floor in Punjab; he was wearing headphones and carrying a backpack