सरे: कनाडा के सरे में एक घर पर फायरिंग और रंगदारी से जुड़े मामले में कनाडाई अदालत ने तीन पंजाबी युवकों को सजा सुनाई है। कनाडाई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तरनवीर सिंह, हरजोत सिंह और दयाजीत सिंह बिलिंग ने 9 जून को सरे प्रांतीय अदालत में अपना जुर्म कबूल कर लिया था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल की सजा सुनाई है।
बिना पगड़ी और चोटिल चेहरों वाली फोटो पर हुआ था विवाद
इससे पहले कनाडाई पुलिस ने इन युवकों की गिरफ्तारी के बाद इनकी तस्वीरें बिना पगड़ी के जारी की थीं। जारी की गई तस्वीरों में इन युवकों के चेहरों पर चोट के निशान भी साफ दिख रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद काफी विवाद खड़ा हो गया था और सिख समुदाय की तरफ से मानवाधिकारों के उल्लंघन और धार्मिक पहचान की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
कोर्ट ने सुनाई 2 से 5 साल तक की सख्त सजा
कनाडाई मीडिया के मुताबिक, तरनवीर सिंह को लापरवाही से गोली चलाने का दोषी मानते हुए 5 साल की सजा सुनाई गई है। हिरासत में पहले बिताए गए समय को कम करने के बाद उसे करीब साढ़े चार साल और जेल में रहना होगा। वहीं, दयाजीत बिलिंग और हरजोत सिंह को विस्फोटक पदार्थ फेंकने का दोषी पाया गया है और उन्हें दो साल से कुछ अधिक की सजा दी गई है। हिरासत का समय घटाने के बाद बिलिंग 20 महीने और हरजोत 18 महीने जेल में रहेंगे, जिसके बाद दोनों को दो-दो साल तक प्रोबेशन पर रखा जाएगा।
भागते हुए कैब से किए गए थे गिरफ्तार
यह घटना 1 फरवरी 2026 की तड़के सरे के क्रीसेंट बीच इलाके में हुई थी। यहां एक घर पर गोलियां चलाई गई थीं और बाहर मामूली आग भी लगा दी गई थी। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। सरे पुलिस ने इस हमले को इलाके में चल रही रंगदारी (एक्सटॉर्शन) की धमकियों से जोड़ा था। घटना के बाद आरोपी पैदल भागने की कोशिश कर रहे थे और एक राइड-शेयर वाहन (कैब) में बैठते समय ही पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन टीम ने उन्हें दबोच लिया था।
सजा काटने के बाद किया जाएगा डिपोर्ट
तीनों आरोपी विदेशी नागरिक हैं, इसलिए सरे पुलिस ने इस मामले में कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी को भी शामिल किया है। फिलहाल ये तीनों युवक अपनी सजा कनाडा की ही जेल में काटेंगे। यह साफ कर दिया गया है कि सजा पूरी होने के बाद उनके खिलाफ डिपोर्टेशन (देश से निकालने) की कानूनी कार्यवाही शुरू की जा सकती है।


Major incident involving Punjabi youths in Canada: 3 jailed in extortion and shooting case








