You are currently viewing ‘मैसेज में डिलीवरी सक्सेसफुल, घर में चूल्हा ठंडा’, गैस एजेंसी की धोखाधड़ी पर MLA का बड़ा एक्शन

‘मैसेज में डिलीवरी सक्सेसफुल, घर में चूल्हा ठंडा’, गैस एजेंसी की धोखाधड़ी पर MLA का बड़ा एक्शन

लुधियाना: लुधियाना के शेरपुर इलाके में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत और धांधली की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद विधायक (MLA) राजिंदर पाल कौर छीना ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए विधायक ने सीधे गैस एजेंसी पर ही अचानक रेड मार दी, जिससे एजेंसी संचालकों और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों में भारी हड़कंप मच गया।

डिजिटल धोखाधड़ी से आम उपभोक्ता बेहाल

मौके पर पहुंचे इलाका निवासियों ने विधायक के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उनके साथ बड़े स्तर पर डिजिटल धोखाधड़ी की जा रही है। कागजों और सिस्टम में सब कुछ सही दिखाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल पर ‘सक्सेसफुल डिलीवरी’ का मैसेज तो आ जाता है, लेकिन असलियत में उनके घर तक सिलेंडर पहुंचता ही नहीं है। जब परेशान लोग इसकी शिकायत लेकर गैस एजेंसी के चक्कर काटते हैं, तो उन्हें स्टॉक खत्म होने का बहाना बनाकर खाली हाथ वापस भेज दिया जाता है।

ब्लैक मार्केटिंग का खेल, घरों के बजट पर पड़ी मार

स्थानीय लोगों ने एजेंसी संचालकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इलाके में जानबूझकर गैस की कृत्रिम कमी पैदा की जा रही है। लोगों को पूरा शक है कि घरेलू कोटे की गैस को मोटे मुनाफे के लालच में व्यावसायिक क्षेत्रों में ब्लैक में बेचा जा रहा है। घर में सिलेंडर न होने के कारण कई परिवारों के चूल्हे ठंडे पड़े हैं। इस धांधली के चलते मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को मजबूरी में बाहर से महंगा खाना मंगवाना पड़ रहा है, जिससे उनके घर का पूरा बजट बुरी तरह बिगड़ गया है।

48 घंटे में सुधरे सप्लाई, नहीं तो रद्द होगा लाइसेंस

रेड के दौरान गैस एजेंसी के रिकॉर्ड और स्टॉक में भारी विसंगतियां पाए जाने पर विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने मालिकों को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट और कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता के हक की गैस की चोरी और मुनाफाखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर 24 से 48 घंटों के भीतर गैस की सप्लाई सामान्य नहीं हुई और यह ब्लैक मार्केटिंग बंद नहीं की गई, तो एजेंसी का लाइसेंस तुरंत रद्द करवाकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारियों को भी फोन कर मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।

‘Message Reads “Delivery Successful,” Yet the Kitchen Stove Remains Cold’