You are currently viewing पंजाब में शराब के ठेके पर सरेआम फायरिंग, हमले में युवक लहूलुहान; पूर्व ग्रंथी निकला मुख्य आरोपी

पंजाब में शराब के ठेके पर सरेआम फायरिंग, हमले में युवक लहूलुहान; पूर्व ग्रंथी निकला मुख्य आरोपी

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के गांव चाटीविंड में 6 मार्च की देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक शराब के ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस जानलेवा हमले में ठेके पर काम कर रहा आकाशदीप सिंह उर्फ प्रिंस नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। फायरिंग के दौरान गोली और कांच के टुकड़े लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

शीशे तोड़ पेट में जा लगी गोली

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव के ही रहने वाले गुरनाम सिंह ने बताया कि 6 मार्च की रात करीब 10:45 बजे वह अपने भाई भगवान सिंह के घर पर थे, तभी उन्हें पास में स्थित प्रगट सिंह के शराब के ठेके की तरफ गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। जब दोनों भाई बाहर निकले, तो देखा कि अड्डा चाटीविंड की तरफ से आ रही एक गाड़ी थोड़ी दूरी पर रुकी। उस गाड़ी में खैराबाद निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना अपने दो-तीन अन्य साथियों के साथ मौजूद था। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ठेके की ओर चार-पांच राउंड सीधी फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। एक गोली ठेके के शीशे को चीरते हुए लकड़ी के काउंटर से जा टकराई, जिससे अंदर बैठे आकाशदीप के पेट और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

इस खौफनाक वारदात के पीछे पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह करीब दो साल पहले गांव चाटीविंड के ही गुरुद्वारा गुरु नानक बाग में ग्रंथी के रूप में सेवा दे चुका है और उस दौरान वह अपने परिवार के साथ यहीं रहता था। पिछले कुछ समय से दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसने इस खूनी खेल का रूप ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और मनप्रीत सिंह व उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Open fire at a liquor shop in Punjab, youth injured in attack; former priest turns out to be the main accused